CG News : बिलासपुर। शहर में सड़क पर स्टंटबाजी और चार पहिया वाहनों के बोनट या छत पर बैठकर रील बनाने का ट्रेंड लगातार बढ़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में कई युवक जान जोखिम में डालकर खतरनाक ड्राइविंग करते देखे जा रहे हैं। इसके साथ ही सड़क पर कार रोककर बर्थडे सेलिब्रेशन का चलन भी तेजी से बढ़ा है। बिलासपुर पुलिस ने ऐसे वायरल वीडियो की पहचान कर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है।
CG News : पुलिस ने पिछले 5 महीनों में स्टंटबाजी, खतरनाक ड्राइविंग और पब्लिक रोड पर बर्थडे सेलिब्रेशन के कुल 14 मामलों में कार्रवाई की है, जिनमें 10 प्रकरण स्टंटबाजी के हैं जबकि 4 सड़क पर केक काटने और आतिशबाजी करने वाले मामलों से जुड़े हैं। इन कार्रवाइयों में अब तक 33 वाहन जब्त किए गए और 72 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
CG News : एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि वाहन की छत, बोनट या खिड़की से बाहर झुककर स्टंट करना या रील बनाना पूरी तरह अवैध और जानलेवा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और पकड़े जाने पर वाहन जब्त कर सीधे न्यायालय में कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
CG News : एसएसपी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही से न केवल उनकी खुद की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि दूसरों के लिए भी बड़ा जोखिम खड़ा होता है। उन्होंने अपील की—“सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए अपनी या किसी और की जिंदगी को खतरे में न डालें, ऐसे करतबों से कोई प्रभावित नहीं होता।”
CG News : पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि सड़क पर स्टंट या बर्थडे मनाते हुए किसी को देखें तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते दुर्घटनाओं को रोका जा सके।













