CG News : रायपुर/बिलासपुर: बिलासपुर नगर निगम ने बीते सप्ताहभर के भीतर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 50 एकड़ से अधिक भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान निगम की टीम ने सड़कों, नालियों, बाउंड्रीवॉल और अन्य निर्माण कार्यों को जेसीबी से हटाया। कई मामलों में संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
CG News : हालांकि अब तक किसी भी भू-माफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। निगम की कार्रवाई केवल निर्माण हटाने तक सीमित रह गई है, जबकि जिन लोगों ने नियमों को दरकिनार कर खेतों और अकृषि भूमि में अवैध प्लॉटिंग कर करोड़ों की संपत्ति बेची, उनके खिलाफ कोई दंडात्मक या आपराधिक कार्रवाई नहीं की गई। इससे यह संदेश जा रहा है कि कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है।
CG News : स्थानीय रहवासियों और जनप्रतिनिधियों ने इस स्थिति पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गरीबों के मकानों को बिना अनुमति के निर्माण के नाम पर तोड़ दिया जा रहा है, लेकिन बड़े भू-माफियाओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। इससे नगर निगम की निष्क्रियता और पक्षपातपूर्ण रवैये पर उंगली उठ रही है।
CG News : कोनी क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग का एक बड़ा उदाहरण सामने आया है, जहां भू-माफिया आशीष सिंह और संजय पांडेय ने खसरा नंबर 147 और 172 पर नियमों को नजरअंदाज करते हुए प्लॉटिंग की और 32 टुकड़ों में भूमि की बिक्री भी कर दी। इसकी जानकारी नगर निगम को पहले से है, इसके बावजूद अब तक न तो कोई नोटिस भेजा गया और न ही जेसीबी की कार्रवाई हुई।
CG News : इधर, जोन क्रमांक 8 क्षेत्र में निगम द्वारा लगातार चौथे दिन भी कार्रवाई जारी रही। निगम आयुक्त अमित कुमार के निर्देश पर अशोक नगर मार्ग, बिरकोना आशाबंद रोड स्थित खसरा नंबर 1259 और 1259/167 में की गई कार्रवाई में संजय ध्रुव द्वारा की गई करीब 2.81 एकड़ भूमि की अवैध प्लॉटिंग उजागर हुई, जिसमें 34 टुकड़े बेचे जा चुके थे। निगम ने शेष भूमि की बिक्री पर रोक लगाते हुए वहां बने इंफ्रास्ट्रक्चर को तोड़ दिया।
CG News : इसके अलावा, नहर किनारे खसरा नंबर 1183/23 में संजीवनी कापसे और अजय कापसे, खसरा नंबर 277/3 में वरुण सामनानी, और कोनी के खसरा नंबर 342 में संजय खेत्रपाल द्वारा की गई अवैध प्लॉटिंग पर भी जेसीबी कार्रवाई की गई। कोनी में एक अवैध मकान भी गिराया गया।
CG News : नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत योजना और अनुमति के की जा रही प्लॉटिंग से शहर का स्वरूप बिगड़ रहा है, और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि भू-माफियाओं पर कानूनी कार्रवाई की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।











