Burhanpur News : बुरहानपुर। बुरहानपुर जिले में आज (गुरुवार) सैकड़ों किसानों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। किसानों ने केले की फसल बीमा योजना की बहाली और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की मांग को लेकर ट्रैक्टर रैली निकालकर जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
Burhanpur News : अपनी गंभीर नाराजगी जाहिर करते हुए इस रैली में कुछ किसान अर्धनग्न होकर भी शामिल हुए। किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बीमा बंद होने से किसान परेशान
किसानों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 से केले की फसल बीमा योजना बंद है। इस वजह से जिन किसानों की फसलें मौसम की मार से तबाह हुई हैं, उन्हें आज तक कोई मुआवजा नहीं मिला है। किसानों ने कहा कि उनकी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं और वे आर्थिक रूप से टूट चुके हैं।
READ MORE : Jabalpur News : शोरूम में घुसकर बेसबॉल के डंडे से हमला, CCTV में कैद हुई वारदात…
किसान किशोर वासनकर ने कहा, “हम 2018 से मांग कर रहे हैं कि केले की फसल का बीमा दोबारा शुरू किया जाए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। मौसम की मार से हम बर्बाद हो गए हैं।”
MSP घोषित करने की मांग
किसानों की दूसरी मुख्य मांग केले की खेती के लिए मौसम आधारित फसल बीमा और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की घोषणा जल्द करने की है।
युवा किसान नेता देव ठाकुर ने कहा, “हम चाहते हैं कि सरकार केले का MSP घोषित करे, ताकि हमें हमारी मेहनत का सही दाम मिल सके। अगर हमारी मांगें नहीं मानी गईं, तो हम और बड़ा आंदोलन करेंगे।”
किसान नेता प्रदीप पाटील ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “अभी तो हमने शांति से रैली निकाली है, लेकिन अगर प्रशासन नहीं जागा तो हमें सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।”
किसानों का यह विशाल ट्रैक्टर काफिला बुरहानपुर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा, जहाँ किसानों ने प्रशासन का घेराव किया और अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो विरोध और तेज़ होगा।











