Bilaspur NEWS: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक महिला की मौत के बाद निजी अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। महिला कान में दर्द की शिकायत लेकर इलाज कराने अस्पताल पहुंची थी। बाद में जांच के दौरान उसके हृदय में ब्लॉकेज होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद उसकी एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की गई। हालांकि, इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, मस्तूरी के ठाकुरदेवा निवासी सुखम बाई साहू, पति रामजी साहू को कान में दर्द की परेशानी थी। परिजन उन्हें इलाज के लिए नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां से महिला को कोनी स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया।
हृदय में ब्लॉकेज की बात कह एंजियोप्लास्टी की सलाह
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक कुमार ने जांच के बाद महिला के हृदय में ब्लॉकेज होने की जानकारी दी। इसके बाद एंजियोग्राफी कर एंजियोप्लास्टी कराने की सलाह दी गई। बाद में महिला को दोबारा श्रीराम केयर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉ. अभिषेक कुमार ने उनकी एंजियोप्लास्टी की। इसी दौरान इलाज के बाद महिला की मौत हो गई।
मौत के बाद अस्पताल में परिजनों का हंगामा
महिला की मौत की खबर मिलते ही रविवार को बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने जिम्मेदार डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बेटी ने की अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की मांग
मृतका की बेटी संगीता साहू ने आरोप लगाया कि उनकी मां की मौत अस्पताल की लापरवाही के कारण हुई है। उन्होंने मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और श्रीराम केयर अस्पताल का लाइसेंस निरस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी दूसरे परिवार को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
इलाज और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका पर उठे सवाल
घटना के बाद अस्पताल की इलाज व्यवस्था और जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने महिला की पूरी मेडिकल हिस्ट्री, एंजियोग्राफी रिपोर्ट, एंजियोप्लास्टी की प्रक्रिया और इलाज के दौरान की निगरानी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टरों का पक्ष भी सामने आना जरूरी है।
पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, जांच जारी
Bilaspur NEWS: मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इलाज के दौरान किसी तरह की चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई थी या नहीं। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों के आरोपों को गलत बताया है।