Bijapur News: बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में झारखंड में सक्रिय आठ इनामी माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में पांच महिला माओवादी भी शामिल हैं। इन सभी पर कुल 49 लाख रुपये का इनाम घोषित था। यह आत्मसमर्पण झारखंड पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और बीजापुर पुलिस के संयुक्त प्रयासों से संभव हो सका।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति, बीजापुर में संचालित पुनर्वास और कौशल विकास कार्यक्रमों तथा पहले आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों के सफल पुनर्वास से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटे हैं। उन्होंने संगठन की हिंसक विचारधारा से मोहभंग, सुरक्षा बलों की बढ़ती कार्रवाई और आदिवासी क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों को भी आत्मसमर्पण का प्रमुख कारण बताया।
आत्मसमर्पण करने वालों में अश्विन उर्फ लच्छू, रंगा उर्फ सोहन, दोबा माड़वी उर्फ राहत, फगनी पोयम उर्फ रजनी, सूरज मुन्नी चम्पिया उर्फ सुबनी, हिड़मे कड़ती उर्फ रीता, बुधरी कुंजाम उर्फ अनुषा और सलमी चम्पिया उर्फ जिलानी शामिल हैं। इन पर 5 लाख से 8 लाख रुपये तक के इनाम घोषित थे।
पुलिस ने बताया कि सभी आत्मसमर्पित माओवादियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वरोजगार, आवास, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे सम्मानपूर्वक समाज की मुख्यधारा में जीवनयापन कर सकें।
Bijapur News: प्रेशर IED विस्फोट में दो नाबालिग घायल
Bijapur News: इधर, बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र में माओवादियों द्वारा पहले से लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिग घायल हो गए। इनमें एक सुकमा जिले से नीलम सराई जलप्रपात घूमने आए पर्यटक दल का सदस्य है, जबकि दूसरा जंगल में मवेशी चराने गया ग्रामीण किशोर है।
Bijapur News: पहली घटना में सुकमा जिले के चिंतागुफा क्षेत्र से आए पर्यटक दल के 13 वर्षीय सोढ़ी देवा का पैर प्रेशर IED पर पड़ गया, जिससे उसके दाहिने पैर की एड़ी में चोट आई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
Bijapur News: दूसरी घटना ग्राम नम्बी के जंगल में हुई, जहां मवेशी चराने गए 15 वर्षीय विनोद कट्टम भी प्रेशर IED की चपेट में आ गया। विस्फोट में उसके दाहिने पैर की एड़ी घायल हो गई।
Bijapur News: पुलिस ने बताया कि लगातार बारिश के कारण घटनास्थल तक पहुंचने वाले मार्ग जलमग्न हैं, जिससे राहत और बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है। इसके बावजूद सुरक्षा बल आवश्यक सावधानियों के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में जुटे रहे।






