असम: असम में एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है, जहां ट्रेन संख्या 20507 डीएन सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के एक झुंड से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
हाथियों के झुंड से हुई टक्कर
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह आठ हाथियों का झुंड था, जो अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गया। लोको पायलट ने हाथियों को देखकर तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाए, लेकिन दूरी कम होने के कारण ट्रेन को रोका नहीं जा सका और टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि यह स्थान हाथियों का अधिकृत कॉरिडोर नहीं है, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई।
Read More : SNCU में चूहों का आतंक, 40 नवजातों के इलाज के बीच सामने आई लापरवाही
कहां हुआ हादसा
यह दुर्घटना पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लुमडिंग डिवीजन में हुई, जो गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेल सेवाएं प्रभावित
हादसे के बाद पटरी पर डिब्बे और हाथियों के शव बिखरे होने के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों की रेल सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं। कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक यूपी लाइन से डायवर्ट किया गया है, जिससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे की कार्रवाई
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को ट्रेन के अन्य खाली डिब्बों में अस्थायी रूप से समायोजित किया गया। क्षतिग्रस्त डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन को गुवाहाटी के लिए रवाना किया गया है। वहां अतिरिक्त डिब्बे जोड़कर ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा। साथ ही ट्रैक की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।











