Mhow Simrol Police News : महू/इंदौर। इंदौर जिले के सिमरोल थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बेहद दुखद और रूह कंपा देने वाली घटना घटी। यहाँ एक कार में अचानक भीषण आग लग जाने से उसमें बैठे 4 साल के मासूम बच्चे ‘चिराग’ की जलकर मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बच्चे के पिता कार के पास ही अपने काम में व्यस्त थे और देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे के पिता संजय बढ़िया अपनी कार खड़ी कर उसके बाहर डीजे की गाड़ी का काम करवा रहे थे। उनका 4 वर्षीय बेटा चिराग कार के अंदर ही बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक कार में शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी भड़क उठी। चूंकि कार के अंदर ज्वलनशील गैस या अन्य सामग्री होने की आशंका है, इसलिए आग पलक झपकते ही पूरी कार में फैल गई। जब तक संजय और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, मासूम चिराग आग की लपटों के बीच घिर चुका था।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आग बुझाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कार का दरवाजा खोल पाना या बच्चे तक पहुँचना नामुमकिन साबित हुआ। बदहवास पिता और ग्रामीण असहाय होकर मासूम को जलते हुए देखने को मजबूर थे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और सिमरोल पुलिस की टीम मौके पर पहुँची, लेकिन उनके पहुँचने से पहले ही मासूम दम तोड़ चुका था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बच्चे के कंकाल बन चुके शव को बाहर निकाला।
सिमरोल पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक दृष्टि में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है, लेकिन फोरेंसिक टीम की मदद से तकनीकी कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और पिता संजय बढ़िया की हालत सुध-बुध खोने जैसी है।









