Thursday, August 20, 2026
Home Tech Ambikapur Medical College Encroachment : अंबिकापुर: मेडिकल कॉलेज की 7 एकड़ जमीन...

Ambikapur Medical College Encroachment : अंबिकापुर: मेडिकल कॉलेज की 7 एकड़ जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर; फर्जी पट्टे बनाकर जमाया था कब्जा, पथराव के बीच 37 मकान ध्वस्त

Ambikapur Medical College Encroachment : अंबिकापुर। सरगुजा जिला मुख्यालय के गंगापुर क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित बेशकीमती जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने आज एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की। मेडिकल कॉलेज के लिए सुरक्षित 7 एकड़ जमीन पर लंबे समय से काबिज 37 अवैध मकानों को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान उस समय तनाव की स्थिति निर्मित हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिसे पुलिस ने तत्काल नियंत्रित किया।

फर्जी पट्टों का हुआ था खेल, कलेक्टर-DFO के हस्ताक्षर मिले जाली

प्रशासनिक जांच में इस अतिक्रमण के पीछे एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। एसडीएम फागेश सिन्हा ने बताया कि कब्जाधारियों ने खुद को बचाने के लिए वन अधिकार पट्टे के दस्तावेज पेश किए थे। गहन जांच में पाया गया कि इन दस्तावेजों पर कलेक्टर और डीएफओ (DFO) के हस्ताक्षर फर्जी थे। इस गंभीर धोखाधड़ी के मामले में प्रशासन अब संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ अलग से एफआईआर (FIR) दर्ज करने की तैयारी कर रहा है।

हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, 2025 में जारी हुआ था अंतिम नोटिस

यह विवाद लंबे समय से कानूनी प्रक्रिया में फंसा हुआ था। कब्जाधारियों ने प्रशासन की बेदखली कार्रवाई के खिलाफ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन अदालत से राहत न मिलने के बाद प्रशासन का रास्ता साफ हो गया। वर्ष 2025 में अंतिम बेदखली आदेश जारी किए जाने के बावजूद जब लोगों ने जगह खाली नहीं की, तब आज सुबह नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुँची।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बेदखली

कार्रवाई के दौरान मौके पर एसडीएम फागेश सिन्हा, तहसीलदार उमेश बाज और एएसपी अमोलक सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। नगर निगम की टीम ने कार्रवाई शुरू करने से पहले लोगों को अपना जरूरी सामान सुरक्षित निकालने का समय दिया, जिसके बाद एक-एक कर अवैध ढांचों को गिराना शुरू किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि, विशेषकर जनहित की संस्थाओं (मेडिकल कॉलेज) के लिए आवंटित जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here