Monday, September 28, 2026
Home Chhattisgarh Dantewada Cyber Cell : दंतेवाड़ा पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: झारखंड से दबोचा...

Dantewada Cyber Cell : दंतेवाड़ा पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: झारखंड से दबोचा गया अंतरराज्यीय साइबर ठग, 9 राज्यों में फैला था जाल

Dantewada Cyber Cell : फकरे आलम खान-बचेली/दंतेवाड़ा: साइबर अपराधियों के खिलाफ दंतेवाड़ा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। ‘टास्क पूरा करने’ और ‘रुपये डबल करने’ के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय ठग को पुलिस ने झारखंड के कोडरमा जिले से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी मुकेश कुमार सिंह (51 वर्ष) इतना शातिर है कि उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत आंध्र प्रदेश, दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा जैसे 9 राज्यों में कुल 16 साइबर शिकायतें दर्ज हैं।

पूरा मामला बचेली निवासी प्रार्थी और उनके साथियों से जुड़ी ठगी का है। मार्च से जून 2025 के बीच आरोपियों ने मोबाइल के माध्यम से टास्क पूरा करने का झांसा देकर पीड़ितों से कुल 7,91,547 रुपये की धोखाधड़ी की थी। शिकायत के बाद थाना बचेली में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन और साइबर सेल नोडल अधिकारी ठाकुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित कर तकनीकी जांच शुरू की गई।

दंतेवाड़ा पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए ‘फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस’ और अत्याधुनिक ‘साइबर फॉरेंसिक टूल्स’ का सहारा लिया। डिजिटल फुटप्रिंट्स का पीछा करते हुए बचेली थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू के नेतृत्व में टीम झारखंड रवाना हुई और आरोपी मुकेश कुमार सिंह को उसके निवास जयनगर, कोडरमा से धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और ठगी की 10,000 रुपये की नगद राशि बरामद की है।

इस सफल कार्यवाही में निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू, एएसआई सोहन ठाकुर और आरक्षक मिथलेश पुजारी व गजेंद्र ध्रुव की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे पार्ट-टाइम जॉब, ओटीपी शेयरिंग या अनजान लिंक के झांसे में न आएं। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here