Juma Tul Vida Bhopal : अलविदा ऐ माहे रमज़ान: भोपाल में अकीदत के साथ अदा हुई जुमा-तुल-विदा की नमाज़; मुस्लिम त्यौहार कमेटी ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

0
175

Juma Tul Vida Bhopal : भोपाल। पवित्र रमज़ान महीने के आखिरी शुक्रवार यानी ‘जुमा-तुल-विदा’ की नमाज़ राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में पूर्ण अकीदत और अमन-ओ-सुकून के साथ अदा की गई। शहर की ऐतिहासिक मस्जिदों— ताजुल मसाजिद, जामा मस्जिद और मोती मस्जिद में हज़ारों की संख्या में नमाजी जुटे और एक साथ खुदा की बारगाह में सजदा किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने रोज़ा रखकर मुल्क की तरक्की और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी।

ईरान हमले के विरोध में ‘काली पट्टी’ का आह्वान

जहाँ एक ओर इबादत का दौर चला, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय मुस्लिम त्यौहार कमेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहे हमलों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। कमेटी के सदस्य इराक और ईरान पर हुए हमलों के विरोध में काले कपड़े पहनकर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका और इज़राइल नफरत की राजनीति कर रहे हैं। कमेटी ने मुस्लिम समाज से अपील की है कि आगामी ईद-उल-फितर की नमाज़ में भी सभी लोग काली पट्टी बांधकर आएं और अपना विरोध दर्ज कराएं।

डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी नीतियों पर तीखा प्रहार

मुस्लिम त्यौहार कमेटी के संरक्षक शमसुल हसन ने मीडिया से चर्चा करते हुए अमेरिका की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “ईरान हमेशा भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा है, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप की घिनौनी राजनीति पूरी दुनिया पर अपना वर्चस्व थोपना चाहती है।” शमसुल हसन ने केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अमेरिका भारत के आंतरिक मामलों (जैसे RSS पर प्रतिबंध की बात) में हस्तक्षेप कर चुका है, इसके बावजूद सरकार का अमेरिका के प्रति नरम रुख समझ से परे है।

अमन और भाईचारे का संदेश

विरोध प्रदर्शन के बीच कमेटी ने देश में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि देश में अमन-चैन रहे और सभी धर्मों के लोग मिलकर एक-दूसरे के त्यौहार खुशियों के साथ मनाएं। नमाज़ के बाद मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम रहे और पुलिस प्रशासन मुस्तैद नज़र आया।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here