Land Encroachment Indore : इंदौर: भूमाफिया के खिलाफ आक्रोश, छोटा बांगर्डा में जमीन कब्जे को लेकर साहू समाज ने घेरा कलेक्टोरेट

VIKASH KHALKHO

Land Encroachment Indore : इंदौर। शहर में भूमाफियाओं के बढ़ते हौसलों और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ मंगलवार को साहू समाज के लोगों ने कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि समाज के एक गरीब व्यक्ति की मेहनत की कमाई से खरीदी गई जमीन पर एक रसूखदार व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर लिया है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब पुलिस और प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो पीड़ित पक्ष को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

20 साल की जमापूंजी पर रसूखदार का कब्जा पूरा मामला छोटा बांगर्डा स्थित श्रीनाथ विहार क्षेत्र का है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पीड़ित राजेश साहू पेशे से लोडिंग रिक्शा चालक हैं। उन्होंने करीब 20 वर्ष पहले अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई से 400 वर्गफीट का एक प्लॉट किस्तों पर खरीदा था। आरोप है कि इस जमीन पर सचिन शुक्ला नामक व्यक्ति ने दबंगई दिखाते हुए कब्जा कर लिया है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि सचिन शुक्ला कांग्रेस के पूर्व पार्षद रह चुके हैं और अपने राजनैतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर उन्हें लगातार धमका रहे हैं।

थानों के चक्कर काट कर थक चुका है पीड़ित कलेक्टर कार्यालय पहुंचे लोगों ने प्रशासन के ढुलमुल रवैये पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से न्याय के लिए थाने और अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। इससे पहले जब वे प्रशासन के पास पहुंचे थे, तो एसडीएम ने उन्हें पुलिस के पास जाने की सलाह दी थी, लेकिन पुलिस स्तर पर भी अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। रसूख और दबंगई के आगे सिस्टम की बेबसी देख अब समाज ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है।

आंदोलन की चेतावनी साहू समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक राजेश साहू को उनकी जमीन वापस नहीं मिल जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मांग की है कि भूमाफियाओं के खिलाफ मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों का पालन इंदौर में भी प्रभावी ढंग से किया जाए। फिलहाल, कलेक्टर कार्यालय पर हुए इस प्रदर्शन के बाद अब देखना होगा कि प्रशासन इस जमीन विवाद को सुलझाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *