Rang Panchami Barwani : बड़वानी में केशव फाग यात्रा की तैयारियां तेज: वाहन रैली निकालकर दी आमंत्रण, रूट का किया निरीक्षण

VIKASH KHALKHO

Rang Panchami Barwani : बड़वानी (06 मार्च 2026): रंग पंचमी के पावन पर्व पर बड़वानी में निकलने वाली भव्य ‘केशव फाग यात्रा’ और विशाल गैर को लेकर हिंदू उत्सव समिति ने कमर कस ली है। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रविवार को समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने झंडा चौक पहुंचकर प्रस्तावित मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद एक विशाल वाहन रैली निकाली गई, जिसने पूरे नगर में भ्रमण कर लोगों को फाग यात्रा में शामिल होने के लिए उत्साहपूर्वक आमंत्रित किया।

समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गुप्ता, उपाध्यक्ष नारायण लछेटा और कोषाध्यक्ष संजय चौहान (बंटी) के मार्गदर्शन में निकाली गई इस रैली में कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बनता था। यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए समिति ने संसाधन, प्रचार-प्रसार, सुरक्षा और संग्रह जैसी विभिन्न समितियों का गठन किया है। हर समिति को उनकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है ताकि रंग पंचमी के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रंग पंचमी की सुबह 10:30 बजे जगत तृप्ति केंद्र (झंडा चौक) से फाग यात्रा का शुभारंभ होगा। यह यात्रा रणजीत चौक, महात्मा गांधी मार्ग, मोटी माता और विजय स्तंभ होते हुए कारंजा चौराहा पर जाकर संपन्न होगी। पारंपरिक वाद्ययंत्रों, ढोल-ताशों और रंग-गुलाल की फुहारों के बीच यह यात्रा नगर की संस्कृति और आपसी भाईचारे का अनूठा संदेश देगी। सुरक्षा के मद्देनजर फायर फाइटर सहित अन्य आपातकालीन व्यवस्थाएं भी मुस्तैद रहेंगी।

इस अवसर पर समिति के संजय चौहान और नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने कहा कि बड़वानी की फाग यात्रा हमारी गौरवशाली परंपरा है। उन्होंने कहा, “समस्त हिंदू समाज में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। हमारी कोशिश है कि यह आयोजन शांतिपूर्ण, गरिमामयी और ऐतिहासिक हो। प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।”

आयोजन को लेकर सकल हिंदू समाज में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को इस सांस्कृतिक महापर्व का हिस्सा बनने का आग्रह कर रहे हैं। बड़वानी की यह फाग यात्रा न केवल परंपराओं का निर्वहन करती है, बल्कि यह नगर के निवासियों के बीच आपसी सौहार्द और एकता का प्रतीक भी मानी जाती है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *