CG NEWS : पुलिस टीम पर हमला, महिला आरक्षकों से धक्का-मुक्की, वर्दी भी फाड़ी…सात आरोपी गिरफ्तार

Sanjay Sahu
CG NEWS

CG NEWS : बिलासपुर। जिले के बिल्हा क्षेत्र के ग्राम निपनिया में पुलिस कार्रवाई के दौरान भीड़ द्वारा पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पुलिस जवानों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिसमें एक महिला आरक्षक की वर्दी फाड़ दी गई और कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

CG NEWS : जानकारी के अनुसार होली के दिन बिल्हा पुलिस को सूचना मिली थी कि पेंडरवा निवासी जलेश्वर साहू के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की है। शिकायत के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और जलेश्वर साहू को थाने लेकर आई, जहां वह रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया में था। इसी दौरान उसकी बेटी ने फोन कर बताया कि मारपीट करने वाले युवक उसके घर के सामने हंगामा कर रहे हैं।

CG NEWS : सूचना पर थाना प्रभारी अवनीश पासवान अपनी टीम के साथ गांव रवाना हुए। रास्ते में निपनिया के पास आरोपियों की एक कार क्षतिग्रस्त हालत में मिली। पुलिस टीम कार चालक को हिरासत में लेकर थाने ला रही थी, तभी कुछ युवक मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे।

CG NEWS : आरोपियों ने कार चालक को छुड़ाने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। बताया गया कि जावेद, अजीम, कार्तिक श्रीवास, पप्पू सहित अन्य लोगों ने भीड़ इकट्ठा कर ली। इस दौरान महिला आरक्षक चंदा यादव से धक्का-मुक्की की गई और आरक्षक मौसम साहू की वर्दी फाड़कर उनके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे आरक्षक संतोष मरकाम को भी चोटें आईं। हालात संभालने के दौरान थाना प्रभारी अवनीश पासवान भी घायल हुए।

CG NEWS : घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जिसके बाद भीड़ वहां से हट गई। पुलिस कार चालक को थाने लेकर आई और थाना प्रभारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। घटना में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *