छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव : आज नामांकन भरेंगी लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम, सियासी हलचल तेज

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आज दोनों प्रत्याशी विधानसभा पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है और दोनों प्रमुख दल इस चुनाव को लेकर पूरी तैयारी में जुटे हुए हैं।

BJP प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा करेंगी नामांकन

भारतीय जनता पार्टी की ओर से लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। वह आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहेंगे। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी इस मौके पर विधानसभा पहुंच सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार भाजपा के पूर्व विधायक और प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडेय ने भी नामांकन पत्र खरीदा है। चर्चा है कि वे डमी उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

Read More : C.G Weather : छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी की रफ्तार, रायपुर में 37 डिग्री पहुंचा पारा

कांग्रेस ने फिर जताया फूलो देवी नेताम पर भरोसा

कांग्रेस ने भी राज्यसभा चुनाव को लेकर अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने वर्तमान राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम पर दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है।बुधवार शाम को पार्टी ने उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की। फूलो देवी नेताम आज विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनकी सक्रियता और संगठन में मजबूत पकड़ के चलते कांग्रेस ने उन्हें फिर से राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है।

16 मार्च को होगा मतदान

राज्यसभा चुनाव 2026 के तहत छत्तीसगढ़ की दो सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को कराया जाएगा। चुनाव आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तारीख 5 मार्च है।नामांकन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक पूरी की जाएगी।

दो सांसदों का कार्यकाल हो रहा समाप्त

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के जिन दो सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें केटीएस तुलसी और फूलो देवी नेताम शामिल हैं। इन दोनों का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को खत्म हो जाएगा।

इसी वजह से इन दो सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव कराया जा रहा है। आने वाले दिनों में यह चुनाव प्रदेश की राजनीति में नई दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *