M.P News : आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा-2024 में गड़बड़ी, 2 घंटे की परीक्षा 30 मिनट में खत्म, 12 अभ्यर्थियों पर FIR

Rahul Goshwami

रतलाम। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा-2024 में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है। मंडल ने रतलाम स्थित ‘रतलाम पब्लिक स्कूल’ परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने वाले 12 अभ्यर्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

बताया जा रहा है कि यह परीक्षा केंद्र पहली बार इस भर्ती के लिए निर्धारित किया गया था और प्रारंभिक जांच के बाद यहीं से पूरे मामले का खुलासा हुआ।

तेज गति से प्रश्न हल करने पर उठा संदेह

जांच में सामने आया कि कुछ अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा में असामान्य रूप से तेज प्रदर्शन किया। दो घंटे की परीक्षा में कई उम्मीदवारों ने मात्र 15 से 30 मिनट के भीतर 100 प्रश्न हल कर दिए। इसके बाद वे शेष समय तक बिना किसी गतिविधि के बैठे रहे।

यह पैटर्न परीक्षा लॉग डेटा और सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा के दौरान संदिग्ध पाया गया। तकनीकी टीम ने पाया कि इतने कम समय में सभी प्रश्न हल करना सामान्य परिस्थिति में संभव नहीं है।

Read More : M.P Weather : मध्य प्रदेश में इस बार ज्यादा तपेगी गर्मी, अप्रैल-मई में 20 दिन तक लू का अनुमान

डिजिटल रिकॉर्ड और फुटेज की जांच

ईएसबी ने परीक्षा के डिजिटल लॉग, माउस मूवमेंट, क्लिक पैटर्न और कैमरा फुटेज का विश्लेषण कराया। जांच में कुछ अभ्यर्थियों की गतिविधियां एक जैसी पाई गईं, जिससे संगठित अनियमितता की आशंका जताई जा रही है।

मंडल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित 12 अभ्यर्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही परीक्षा केंद्र की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

आगे भी हो सकती है कार्रवाई

अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में और नाम सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारी चयन मंडल ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *