Iran-Israel War के तनाव के बीच दुबई में फंसी भारतीय स्टार पीवी सिंधु, एयरपोर्ट से बताया खौफनाक मंजर

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क  ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच शुरू हुई सैन्य कार्रवाई का असर अब खाड़ी देशों तक पहुंच चुका है। लगातार हो रहे मिसाइल हमलों और बम धमाकों के कारण ईरान, इजरायल और आसपास के कई देशों में हवाई यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सुरक्षा कारणों से कई एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक असर पड़ा है।

 दुबई एयरपोर्ट पर फंसीं पीवी सिंधु

इस संकट का असर खेल जगत पर भी देखने को मिला है। भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी और ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंस गई हैं। वह ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए ब्रिटेन के बर्मिंघम जा रही थीं, लेकिन दुबई में फ्लाइट संचालन बंद होने से आगे की यात्रा संभव नहीं हो सकी। हालाँकि उनके पिता पीवी रमना ने बताया कि भारतीय दूतावास सिंधु की देखभाल कर रहा है और उनके लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई है।दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जो दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है, अचानक बंद होने से हजारों यात्री टर्मिनलों में ही रुक गए हैं।

Read More :M.P Crime : रीवा में सोशल मीडिया में दोस्ती का खतरनाक अंजाम! नाबालिग से दुष्कर्म

मिसाइल हमलों से बढ़ा तनाव

जानकारी के अनुसार, इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए न केवल इजरायल बल्कि उन देशों को भी निशाना बनाया, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। UAE के ऊपर दागी गई मिसाइलों को वहां की सेना ने हवा में ही नष्ट कर दिया, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर उड़ानें रोक दी गईं।

सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव

पीवी सिंधु ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह और उनकी टीम सुरक्षित हैं, लेकिन एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल है। मिसाइलों और उन्हें निष्क्रिय किए जाने की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बना हुआ है।सिंधु ने इसे मौजूदा समय की दुखद सच्चाई बताते हुए हालात के जल्द सामान्य होने की उम्मीद जताई।

वैश्विक स्तर पर असर

ईरान-इजरायल संघर्ष का प्रभाव अब केवल क्षेत्रीय नहीं रहा, बल्कि इसका असर वैश्विक परिवहन, व्यापार और खेल आयोजनों तक दिखाई दे रहा है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि हालात कब सामान्य होंगे और हवाई सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *