C.G News : मस्तूरी गोलीकांड- 2 कांग्रेस नेता अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर, दोनों पर अब 5-5 हजार का इनाम

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : बिलासपुर जिले के चर्चित मस्तूरी गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। लंबे समय से फरार चल रहे दो कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित कर दिया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपी नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटले पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

इसके अलावा चकरभाठा थाना क्षेत्र से लापता एक नाबालिग के मामले में भी सूचना देने वाले व्यक्ति को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आरोपियों के संबंध में कोई भी पुख्ता जानकारी तुरंत साझा करें।

क्या है मस्तूरी गोलीकांड मामला?

यह घटना 28 अक्टूबर 2025 की शाम की है। मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह अपने रिश्तेदारों और परिचितों के साथ नहर चौक के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के जवाब में नितेश सिंह ने भी अपने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। जवाबी कार्रवाई के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

Read More : C.G News : होली पर रेल यात्रियों को बड़ी सौगात! 1,244 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स का ऐलान, दुर्ग, बिलासपुर, गोंदिया से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। जांच के बाद मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस नेता अकबर खान सहित सभी गिरफ्तार आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।

हालांकि नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटले अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी है और परिजनों से पूछताछ भी की है, लेकिन अब तक उनकी लोकेशन का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

पुलिस की अपील

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि किसी को भी फरार आरोपियों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।मस्तूरी गोलीकांड का मामला अब भी जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *