Saturday, August 22, 2026
Home Madhya Pradesh Singrauli Spa Center Scandal : स्पा सेंटर की आड़ में जिस्मफरोशी का...

Singrauli Spa Center Scandal : स्पा सेंटर की आड़ में जिस्मफरोशी का खेल: संचालक के खुलासे ने सिंगरौली पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

Singrauli Spa Center Scandal : सिंगरौली। ऊर्जाधानी सिंगरौली में स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का काला कारोबार पैर पसार रहा है। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किसी जांच एजेंसी ने नहीं, बल्कि एक स्पा सेंटर की महिला संचालक ने स्वयं नवानगर थाने पहुंचकर किया है। संचालक ने लिखित आवेदन देते हुए आरोप लगाया है कि जिले के कई स्पा सेंटरों में मसाज की आड़ में लड़कियों की सप्लाई कर अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। इस खुलासे के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की चुप्पी पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

महिला संचालक के अनुसार, जब वह निजी कार्य से कुछ समय के लिए अपने सेंटर से बाहर गई थीं, तब उनकी अनुपस्थिति में वहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित की गईं। स्टाफ द्वारा जानकारी मिलने पर उन्होंने मामले की गंभीरता को समझा और पुलिस की शरण ली। संचालक ने यह भी दावा किया है कि जिले में कई ऐसे सेंटर सक्रिय हैं जहाँ ‘नाइट लड़कियों’ की सप्लाई के माध्यम से अनैतिक व्यापार को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह आरोप इसलिए भी गंभीर है क्योंकि यह व्यवसाय की अंदरूनी हकीकत को बयां करता है।

हैरानी का विषय यह है कि सिंगरौली में इस तरह की शिकायतें पहले भी आती रही हैं, लेकिन नगर पालिक निगम और पुलिस प्रशासन द्वारा कभी कोई सघन जांच अभियान नहीं चलाया गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण ही रिहायशी इलाकों के करीब संचालित ये स्पा सेंटर अब अनैतिक गतिविधियों के अड्डे बनते जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि उचित सत्यापन और निगरानी के अभाव में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।

वर्तमान में जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर उंगलियां उठ रही हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक इस संवेदनशील खुलासे के बाद क्या कदम उठाते हैं। क्या इन स्पा सेंटरों का लाइसेंस रद्द होगा या फिर हर बार की तरह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा? कांग्रेस और अन्य सामाजिक संगठनों ने भी इस मुद्दे पर प्रशासन से त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here