Friday, August 21, 2026
Home Chhattisgarh NMDC Retired Employees : NMDC रिटायर्ड एसोसिएशन की बैठक में उच्च पेंशन...

NMDC Retired Employees : NMDC रिटायर्ड एसोसिएशन की बैठक में उच्च पेंशन पर चिंता; महासचिव सिद्दीकी ने कहा—”कर्मचारियों के मामले में ईपीएफओ की सुस्ती गंभीर”

NMDC Retired Employees : फकरे आलम खान – बचेली/बेंगलुरु। एनएमडीसी रिटायर्ड एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन, कर्नाटक राज्य की कार्यकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक बेंगलुरु में जनाब शरीफ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में विशेष रूप से छत्तीसगढ़ से एनएमडीसी रिटायर्ड एम्प्लाइज वेलफेयर फेडरेशन के महासचिव एल.एम. सिद्दीकी शामिल हुए। बैठक में पेंशन वृद्धि, ईपीएस-95 और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की चिकित्सा सुविधाओं से जुड़े लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उच्च पेंशन: अधिकारियों तक सीमित, कर्मचारियों का इंतजार लंबा बैठक में यह बात प्रमुखता से उभरी कि उच्च पेंशन (Higher Pension) के मामलों में प्रगति अत्यंत धीमी है। अब तक केवल लगभग 30 अधिकारियों को ही डिमांड लेटर प्राप्त हुए हैं, जबकि आम कर्मचारियों के मामलों में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। एल.एम. सिद्दीकी ने जानकारी दी कि रायपुर भविष्य निधि संगठन ने हैदराबाद कार्यालय से कुछ स्पष्टीकरण मांगे हैं, जिसके बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस मामले को दिल्ली और हैदराबाद के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष पूरी गंभीरता से उठाएंगे।

स्वास्थ्य सुविधाओं और बस आरक्षण पर लिए गए अहम निर्णय एसोसिएशन ने मांग की है कि दोनिमालाई से बेंगलुरु जाने वाली निःशुल्क बस सेवा में कम से कम 5 सीटें सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए आरक्षित की जाएं। इसके अलावा, किडनी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दवाओं के रिइम्बर्समेंट (Reimbursement) और भर्ती होने की निःशुल्क व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। अध्यक्ष जनाब शरीफ ने कहा कि जिन वरिष्ठ साथियों ने एनएमडीसी को ऊंचाइयों पर पहुँचाया, उनके बुढ़ापे की सुरक्षा के लिए कंपनी को और अधिक संवेदनशील होना चाहिए।

नए डायरेक्टर पर्सनल से होगी निर्णायक वार्ता फेडरेशन के उपाध्यक्ष डी.एस. वेलु ने बताया कि “सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मान”, “बेनेवोलेंट फंड” और “ओपीडी शुल्क में वृद्धि” जैसी मांगों को लेकर एनएमडीसी के नवनियुक्त डायरेक्टर पर्सनल से समय लेकर जल्द ही विस्तृत वार्ता की जाएगी। बैठक के अंत में एल.एम. सिद्दीकी ने श्री वेलु को उनकी निस्वार्थ सेवाओं के लिए शाल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में आर.जी. मल्लिकार्जुन, जे. गोपाल शेट्टी, सोमनाथ शेखर और जॉनसन सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here