Bargi Dam Canal Break : जबलपुर (बरगी नगर)। बरगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सगड़ा के समीप बरगी बांध की मुख्य नहर अचानक टूट गई। नहर में आई दरार के बाद भारी मात्रा में पानी आसपास के खेतों में घुस गया, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत और खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। पानी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते खेतों ने तालाब का रूप ले लिया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
जर्जर नहर और विभाग की अनदेखी स्थानीय किसानों और ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नहर लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी और इसके बारे में कई बार सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक तौर पर अवगत कराया गया था। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि नहर कभी भी टूट सकती है, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। लापरवाही का नतीजा आज किसानों को फसल बर्बादी के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
प्रशासनिक अमला मौके पर, मरम्मत कार्य जारी नहर टूटने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और तुरंत जलप्रवाह को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। राहत की बात यह रही कि अचानक आए पानी के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई है। वर्तमान में विभाग द्वारा नहर की मरम्मत के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है ताकि पानी के रिसाव को पूरी तरह रोका जा सके।
मुआवजे की मांग को लेकर अड़े किसान प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पटवारी और कृषि विभाग की टीम द्वारा तत्काल सर्वे कराकर फसल नुकसान का सही आकलन किया जाए। किसानों ने स्पष्ट कहा है कि वे कर्ज लेकर खेती करते हैं, ऐसे में उचित मुआवजा न मिलने पर उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। साथ ही, उन्होंने उन लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है जिन्होंने जर्जर नहर की शिकायतों को नजरअंदाज किया।









