Tractor Theft Recovered : रायगढ़ पुलिस की बड़ी स्ट्राइक : 24 घंटे में सुलझी नवापारा ट्रैक्टर चोरी की वारदात, 4 शातिर चोर गिरफ्तार

0
290

Tractor Theft Recovered : गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने तेजतर्रार पुलिसिंग का नमूना पेश करते हुए नवापारा में हुई ट्रैक्टर चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद करने के साथ ही वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सीसीटीवी कैमरों ने बिगाड़ा चोरों का खेल घटना 27-28 जनवरी की दरम्यानी रात की है, जब नवापारा निवासी के घर के सामने से ट्रैक्टर (CG-13-BB-2313) इंजन और ट्रॉली सहित चोरी हो गया था। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में टीम ने जब जांच शुरू की, तो घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चार संदिग्ध युवक कैद मिले। पुलिस ने इन संदिग्धों के हुलिए मुखबिरों तक पहुंचाए, जिससे सफलता की राह आसान हो गई।

बिक्री की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने मारा छापा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक ढाबे के पास ट्रैक्टर ट्रॉली बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी रामप्रसाद सारथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने तीन अन्य साथियों—मिथलेश सारथी, योगेश कुमार धनवार और नरेश कुमार पटैल के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छाल रोड के पास छिपाकर रखा गया करीब 9 लाख रुपये का ट्रैक्टर और वारदात में प्रयुक्त 1.30 लाख रुपये की बिना नंबर वाली पल्सर बाइक जब्त की।

जनता से अपील: सीसीटीवी को बनाएं सुरक्षा कवच इस सफलता पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराधियों की पहचान का सबसे मजबूत हथियार साबित हो रहे हैं। उन्होंने समाज की सुरक्षा के लिए संस्थानों से कार्यशील सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरिश पटेल और अन्य स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here