Mahatma Gandhi Punyatithi : खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई। जिले के विकास खंड छुईखदान अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला पुरेना और शासकीय हाई स्कूल घिरघोली में 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि ‘शहीद दिवस’ के अवसर पर गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को बापू के जीवन मूल्यों से परिचित कराते हुए जीवन भर नशा मुक्त रहने का संकल्प दिलाया गया।
भजनों और जीवन परिचय से दी श्रद्धांजलि प्राथमिक शाला पुरेना में कार्यक्रम का शुभारंभ गांधी जी के तैल चित्र पर पूजन और दो मिनट के मौन के साथ हुआ। प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन ने बापू के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो’ गाकर बच्चों को उनके अर्थ समझाए। सहायक शिक्षक गोकुल राम वर्मा ने गांधी जी के दक्षिण अफ्रीका प्रवास और उनकी माता पुतली बाई को दिए वचनों का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे अनुशासन और संकल्प व्यक्ति को महान बनाते हैं।
नशा मुक्त भारत अभियान की गूँज दोपहर में शासकीय हाई स्कूल घिरघोली में प्राचार्य अनिल कुमार जंघेल के मार्गदर्शन में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक तुलेश्वर कुमार सेन ने फ्लेक्स प्रदर्शनी, कविताओं और चुटकुलों के माध्यम से नशा पान के दुष्प्रभावों को बताया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा, “यह मानव जीवन अनमोल है, इसे स्वयं के निर्माण और राष्ट्र निर्माण में लगाएं। फैशन परस्ती और फिजूलखर्ची से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान दें।”
श्रेष्ठ नागरिक बनने की शपथ कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों और छात्रों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे न तो स्वयं नशा करेंगे और न ही नशा करने वालों को सहयोग देंगे। वक्ताओं ने जोर दिया कि युवा ही भारत का भविष्य हैं, और एक व्यसन मुक्त समाज ही देश को उन्नति की ओर ले जा सकता है। इस अवसर पर व्याख्याता सुनील यादव, ज्योति जडेजा, पूजा सिंह, सुनीता सिन्हा और यशिका यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











