Bhopal Child Death : भोपाल। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ईदगाह हिल्स में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ पानी से भरी एक बाल्टी 10 महीने की मासूम बच्ची के लिए काल बन गई। किचन में काम कर रही मां को भनक तक नहीं लगी और मासूम खेलते हुए बाथरूम में चली गई, जहाँ वह बाल्टी में गिर गई। इस हादसे में बच्ची की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कारण सिंह जाटव ईदगाह हिल्स स्थित PNB कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक पांच साल का बेटा और 10 महीने की बेटी प्रनिसा थी। घटना के समय बच्ची की मां किचन में काम कर रही थी। इसी दौरान छोटी प्रनिसा घुटनों के बल चलते हुए बाथरूम में पहुँच गई। बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी रखी हुई थी, जिसमें मासूम अपना संतुलन खोकर सिर के बल गिर गई।
जब करीब 10 मिनट बाद मां ने बच्ची को आसपास नहीं देखा, तो वह उसे ढूंढते हुए बाथरूम की तरफ गई। वहां का नजारा देख मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। मासूम प्रनिसा पानी की बाल्टी में डूबी हुई थी और उसका शरीर व चेहरा नीला पड़ चुका था। परिजन आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल ले गए, लेकिन गंभीर स्थिति के चलते इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। शाहजहानाबाद थाना पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध नहीं लग रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरी कॉलोनी में शोक की लहर है। विशेषज्ञों ने अपील की है कि छोटे बच्चों वाले घरों में बाल्टी या टब को कभी भी पानी से भरकर खुला न छोड़ें और बाथरूम के दरवाजे हमेशा बंद रखें।











