Gwalior Luteri Dulhan Gang : ग्वालियर: शहर के व्यस्ततम इलाके दाल बाजार में गुरुवार को कार का शीशा तोड़कर एक नवविवाहिता के अपहरण की घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया था। लेकिन जब ग्वालियर पुलिस ने इस मामले की परतों को उधेड़ा, तो सामने आया एक शातिर “लुटेरी दुल्हन” गैंग का चेहरा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुल्हन सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से ठगी के 90 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
शादी के नाम पर ₹2 लाख का सौदा: शिवपुरी लिंक रोड निवासी महेंद्र पाराशर अपने मानसिक रूप से विक्षिप्त बेटे की शादी के लिए परेशान थे। इसका फायदा उठाते हुए मुरैना निवासी राकेश शर्मा ने उन्हें बंटी धाकड़ और हीरा ठाकुर से मिलवाया। आरोपियों ने पूनम गौर उर्फ ‘डोली’ को बंटी की साली बताकर शादी का प्रस्ताव रखा और मदद के नाम पर 2 लाख रुपये ऐंठ लिए। नोटरी के जरिए कागजी शादी कराने के बाद जब महेंद्र अपने बेटे और नई बहू को कार से घर ले जा रहे थे, तभी यह पूरा ड्रामा शुरू हुआ।
फिल्मी अंदाज में ‘अपहरण’ की साजिश: जैसे ही महेंद्र की कार दाल बाजार पहुंची, बाइक और एक्टिवा सवार चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका। बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में कार का कांच फोड़ा और दुल्हन पूनम को खींचकर ले गए। शुरुआत में यह मामला अपहरण का लगा, लेकिन पुलिस को शुरुआती जांच में ही संदेह हो गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और गाड़ी के नंबरों का पीछा करने पर पता चला कि यह अपहरण नहीं, बल्कि गैंग का भागने का पूर्व नियोजित तरीका था ताकि वे पैसे लेकर रफूचक्कर हो सकें।
सलाखों के पीछे पूरी गैंग: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) धर्मवीर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने जाल बिछाकर मुख्य आरोपी सत्यपाल उर्फ हीरा ठाकुर, बंटी धाकड़, राकेश शर्मा और दुल्हन पूनम उर्फ डोली वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से ठगी की रकम का एक हिस्सा बरामद हो गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा पूर्व में की गई संभावित ठगी की वारदातों की जांच कर रही है।











