Saturday, August 15, 2026
Home National KMP Expressway Accident : कोहरे का कहर : एक्सप्रेसवे पर आपस में...

KMP Expressway Accident : कोहरे का कहर : एक्सप्रेसवे पर आपस में टकराए पांच वाहन, जिंदा जलकर चालक और परिचालक की मौत

0
182

KMP Expressway Accident : नूंह। हरियाणा के कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर कोहरे के बीच एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। धुलावट के पास पांच बड़े वाहनों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हृदय विदारक हादसे में डंपर के चालक और परिचालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों की केबिन के अंदर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सीकर निवासी चालक राकेश और कोटपूतली निवासी परिचालक देशराज के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब मानेसर से पलवल की ओर जा रहे एक वाहन ने अचानक ब्रेक मार दिया। विजिबिलिटी कम होने के कारण पीछे से आ रहे अमेजन कंपनी के कंटेनर, एक डंपर और तीन ट्रेलर एक के बाद एक आपस में टकराते चले गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते डंपर और कंटेनर ने आग पकड़ ली। स्थानीय ग्रामीणों और अन्य वाहन चालकों की मदद से बाकी गाड़ियों में फंसे लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन डंपर सवार राजस्थान के दोनों युवकों की जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे में अमेजन कंपनी का करोड़ों का सामान जलकर खाक हो गया है। गुरुग्राम से लखनऊ जा रहे इस कंटेनर में मोबाइल, कपड़े और जूते जैसे कीमती सामान भरे हुए थे। कंटेनर मालिक अश्वनी कुमार के मुताबिक, आगजनी में करीब सवा करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस को उस समय मशक्कत करनी पड़ी जब भीड़ ने जलते हुए कंटेनर से सामान उठाने की कोशिश की, जिसे पुलिस बल ने सख्ती से रोका।

आगजनी और दुर्घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर करीब 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और जाम का असर राष्ट्रीय राजमार्ग-8 तक पहुँच गया। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर करीब चार घंटे बाद रास्ता साफ कराया।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। धुलावट ट्रैफिक थाना प्रभारी और मोहम्मदपुर अहिर थाना प्रभारी ने दलबल के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे धुंध और कोहरे के समय वाहनों की गति धीमी रखें और एक-दूसरे से पर्याप्त दूरी बनाए रखें ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here