Bacheli Municipal Corporation : फकरे आलम खान/बड़े बचेली। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर पालिका प्रशासन अब जुर्माने की राह पर है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का उल्लंघन करने वाले एक प्रतिष्ठान के खिलाफ मंगलवार को चालानी कार्रवाई की गई।
नोटिस के बाद भी नहीं सुधरे, तो कटा चालान: नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 12 स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान द्वारा गीला और सूखा कचरा अलग-अलग नहीं दिए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पी.टी.एम. कृष्णा राव के निर्देशानुसार, संबंधित प्रतिष्ठान को पूर्व में भी नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद नियमों का पालन न करने पर नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुँचकर 1,000 रुपये का जुर्माना वसूला।
नियमों की पुनरावृत्ति पर दी गई कड़ी चेतावनी: टीम ने प्रतिष्ठान संचालक को स्पष्ट तौर पर समझाया कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कचरा पृथक्कीकरण के नियमों का दोबारा उल्लंघन हुआ, तो और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान उप अभियंता संतोष नेगी, राजस्व निरीक्षक व्ही.डी. प्रधान, सहायक राजस्व निरीक्षक जयराम बघेल और टाइम कीपर महेश बघेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से कचरा पृथक्कीकरण में सहयोग करने की अपील की है।













