Tuesday, August 18, 2026
Home Madhya Pradesh बुरहानपुर : मकर संक्रांति पर फिर मौत का कारण बना चाइना मांझा,...

बुरहानपुर : मकर संक्रांति पर फिर मौत का कारण बना चाइना मांझा, हाईटेंशन लाइन टूटी, इलाके में मचा हड़कंप

बुरहानपुर: मकर संक्रांति के पावन पर्व पर जहां पतंगबाजी की धूम रहती है, वहीं चाइना मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित होते-होते बचा। बुरहानपुर जिले के ग्राम इच्छापुर में पतंग उड़ाने के दौरान चाइना मांझा थ्री-फेज बिजली की मेन लाइन में फंस गया। जैसे ही पतंग खींची गई, बिजली का मुख्य तार टूटकर जमीन पर गिर पड़ा और जोरदार ब्लास्ट के साथ दो हिस्सों में बिखर गया।

बाइक सवार ने छोड़ी बाइक, सड़क पर बने गड्ढे

तार गिरते ही तेज धमाके हुए। मौके से गुजर रहा एक बाइक सवार जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर भागा। बिजली के तार के ब्लास्ट से सीसी रोड पर गड्ढे तक बन गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना में एक महिला के घायल होने की भी सूचना है।

शादी वाले घर के पास हुआ हादसा, टली बड़ी अनहोनी

यह हादसा ग्राम पंचायत कार्यालय के पीछे हुआ, जहां पास ही एक शादी समारोह वाला घर भी मौजूद था। यदि तार भीड़ के बीच गिरता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी। ग्रामीणों ने इसे बेहद गंभीर और लापरवाही से जुड़ा मामला बताया।

Read More : M.P News : मऊगंज में ऑटो चालक पर हमला, थाने में भी पुलिस से हाथापाई

ग्रामीणों ने खुद बंद करवाई बिजली, विभाग पर नाराजगी

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद करवाई। हालांकि बिजली विभाग के कर्मचारी करीब आधे घंटे की देरी से मौके पर पहुंचे, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। कर्मचारियों का कहना है कि लाइन बंद करने और तकनीकी प्रक्रिया में समय लगा, बाद में तार जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।

चाइना मांझा पर सख्ती की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से चाइना मांझा पर सख्त प्रतिबंध और कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here