उज्जैन: धर्मनगरी उज्जैन आज से श्रीमहाकाल महोत्सव के दिव्य रंग में रंगने जा रही है। 18 जनवरी तक चलने वाले पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ आज शाम 7 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। खास बात यह है कि श्रीमहाकाल महोत्सव का आयोजन पहली बार महालोक परिसर में किया जा रहा है, जिससे इसकी भव्यता और आध्यात्मिक महत्व और बढ़ गया है।
महालोक में पहली बार होगा महोत्सव का आयोजन
श्रीमहाकाल लोक में आयोजित होने वाला यह महोत्सव सनातन संस्कृति, संगीत, साधना और श्रद्धा का अद्भुत संगम होगा। महोत्सव के दौरान भक्ति संगीत, शास्त्रीय गायन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देंगे।
शंकर महादेवन देंगे विशेष प्रस्तुति
महोत्सव की सबसे बड़ी आकर्षणों में से एक प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन की प्रस्तुति होगी। वे अपने बेटों के साथ मंच साझा करेंगे और भक्ति व संगीत के माध्यम से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। संगीत प्रेमियों और भक्तों के लिए यह शाम बेहद खास रहने वाली है।
Read More : MP Weather : प्रदेश में घने कोहरे से राहत, लेकिन ठंड का कहर बरकरार, 15 जनवरी से बदलेगा मौसम
मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। उनके साथ प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और साधु-संतों की उपस्थिति भी रहेगी। प्रशासन ने आयोजन को लेकर सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
मकर संक्रांति पर शिप्रा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
इसी बीच मकर संक्रांति के पावन पर्व पर उज्जैन में सुबह से ही शिप्रा नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर भगवान महाकाल का पूजन किया। भक्त तिल-गुड़ का दान करते हुए पुण्य लाभ अर्जित करते नजर आए।
भक्तिमय हुआ उज्जैन
पूरे शहर में धार्मिक उत्साह, भजन-कीर्तन और जयकारों का माहौल है। हर आयु वर्ग के लोग श्रद्धा और आस्था के साथ पर्व और महोत्सव में सहभागिता कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।









