भोपाल: राजधानी भोपाल स्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (BU) कैंपस में छात्र राजनीति से जुड़ी एक हिंसक घटना सामने आई है, जिसने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और छात्र संगठनों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार दोपहर BU परिसर में एक छात्र के साथ डंडों से बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो ने खोली गुंडागर्दी की पोल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक छात्र को घेरकर डंडों से पीटा जा रहा है। मारपीट इतनी बेरहमी से की जा रही है कि आसपास मौजूद लोग भी सहमे नजर आते हैं। यह पूरी घटना दिनदहाड़े विश्वविद्यालय परिसर में हुई, जिससे छात्रों में डर और आक्रोश का माहौल है।
Read More : M.P के 1.25 लाख शिक्षकों को आज मिल सकता है मोहन सरकार का खास तोहफा, चतुर्थ वेतनमान की मंजूरी संभव
NSUI नेता विकास ठाकुर पर आरोप
इस मामले में BU के NSUI अध्यक्ष विकास ठाकुर पर खुलेआम गुंडागर्दी करने के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, मारपीट में उन्हीं की भूमिका बताई जा रही है। घटना के बाद से छात्र संगठनों में इस मामले को लेकर तीखी चर्चा शुरू हो गई है।
संरक्षण का आरोप, संगठन की साख पर सवाल
बताया जा रहा है कि विकास ठाकुर को NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वह बेखौफ होकर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहा है। इस आरोप ने NSUI संगठन की साख और आंतरिक अनुशासन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस तक नहीं पहुंची शिकायत
हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद पीड़ित छात्र ने अब तक बागसेवनिया थाना पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। जानकारों का मानना है कि दबाव या डर के कारण पीड़ित सामने आने से कतरा रहा है।
छात्रों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
BU कैंपस में इस घटना के बाद छात्रों में गुस्सा है। छात्र संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।











