निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत उरमाल गांव में आयोजित छह दिवसीय ओपेरा कार्यक्रम ने प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मनोरंजन के नाम पर ली गई अनुमति के बावजूद मंच पर खुलेआम अश्लील डांस कराए गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस कार्यक्रम में अर्धनग्न डांसरों की प्रस्तुति हो रही थी, वहां स्वयं एसडीएम की मौजूदगी भी बताई जा रही है।
SDM की मौजूदगी में देर रात तक चलता रहा कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार, 7 जनवरी से कार्यक्रम में अश्लील प्रस्तुतियां शुरू हो गई थीं। 9 जनवरी की रात एसडीएम आयोजन स्थल पर पहुंचे, जहां उनके लिए आगे की सीट आरक्षित की गई थी। रात 11 बजे से तड़के 3 बजे तक स्टेज पर अर्धनग्न डांसर प्रस्तुति देती रहीं और पंडाल में मौजूद लोग जमकर नोट उड़ाते रहे। कार्यक्रम में अफसर, पुलिसकर्मी और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया।
Read More : IND vs NZ ODI: वडोदरा में सीरीज़ का आगाज़, न्यूजीलैंड की सधी हुई शुरुआत
ओडिशा से बुलाई गईं बार डांसर
आयोजकों ने ओडिशा से बार डांसरों को बुलाया था। डांसरों द्वारा कार्यक्रम के प्रचार के लिए अश्लील वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किए गए, जिससे धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती चली गई। 8 जनवरी से आयोजन स्थल पर भारी भीड़ उमड़ने लगी।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
10 जनवरी को जब आयोजन से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, तब पुलिस ने संज्ञान लिया। देवभोग थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम बंद कराया और आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
आयोजक गिरफ्तार, पुलिसकर्मी लाइन अटैच
थाना प्रभारी फैजुल शाह के अनुसार, आयोजक देवेंद्र राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू और हसन डाडा को बीएनएस की धारा 296 (3)(5) के तहत गिरफ्तार किया गया है। वहीं, डांस के दौरान अनुचित आचरण के आरोप में दो पुलिस कर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। हालांकि, अब तक अनुमति देने वाले और आयोजन में मौजूद एसडीएम के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं।











