Monday, September 28, 2026
Home Chhattisgarh Gharghoda Diesel Theft : घरघोड़ा में डीजल चोरों का आतंक: जामपाली और...

Gharghoda Diesel Theft : घरघोड़ा में डीजल चोरों का आतंक: जामपाली और टेंडा नवापारा में खड़ी गाड़ियों से पार हो रहा तेल

Gharghoda Diesel Theft : घरघोड़ा। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले जामपाली, कटंगडीही और टेंडा नवापारा जैसे इलाकों में इन दिनों डीजल चोर गिरोह ने आतंक मचा रखा है। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सक्रिय यह गिरोह खड़ी गाड़ियों के टैंकों से बड़ी सफाई के साथ डीजल पार कर रहा है, जिससे क्षेत्र के वाहन चालक और मालिक आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक रूप से भी परेशान हो रहे हैं।

स्थानीय वाहन चालकों ने बताया कि चोरी का यह सिलसिला इतना बढ़ गया है कि अब गाड़ियों को कहीं भी खड़ा करना सुरक्षित नहीं रह गया है। चालक जब सुबह गाड़ी स्टार्ट करने पहुँचते हैं, तो पता चलता है कि टैंक खाली है या डीजल आधा बचा है। कई बार तो बीच रास्ते में गाड़ी बंद होने पर डीजल चोरी का पता चलता है, जिससे समय की बर्बादी के साथ-साथ परिचालन खर्च भी बढ़ रहा है। चोर खास तौर पर भारी वाहनों जैसे ट्रक और ट्रैक्टरों को अपना निशाना बना रहे हैं।

वाहन मालिकों और चालकों का आरोप है कि डीजल चोरी का यह खेल एक संगठित गिरोह द्वारा खेला जा रहा है। गिरोह के सदस्य सुनसान इलाकों और सड़कों के किनारे खड़ी गाड़ियों की रेकी करते हैं और मौका मिलते ही सैकड़ों लीटर डीजल निकाल लेते हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही इन वारदातों के बावजूद अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

डीजल चोरी की बढ़ती वारदातों से आक्रोशित वाहन स्वामियों ने घरघोड़ा पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि प्रभावित क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही संदिग्ध ठिकानों और लोगों पर पैनी नजर रखकर इस गिरोह का पर्दाफाश किया जाए। गाड़ी मालिकों का कहना है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

फिलहाल, इस पूरे मामले में घरघोड़ा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस संगठित गिरोह को पकड़ने में कब तक सफल होता है और क्षेत्र के वाहन मालिकों को इस समस्या से कब निजात मिल पाती है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here