भोपाल : ठगी, लूट और रंगदारी के संगठित अपराध नेटवर्क ‘ईरानी डेरा’ के कुख्यात सरगना आबिद अली उर्फ राजू ईरानी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुजरात की सूरत क्राइम ब्रांच ने शनिवार को उसे उसके साढ़ू भाई के घर से दबोचा, जहां वह लंबे समय से छिपकर रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद रविवार को आरोपी को सूरत से भोपाल लाया गया है, जहां उससे कई गंभीर मामलों में पूछताछ की जाएगी।
भोपाल छापेमारी के दौरान हुआ था फरार
भोपाल पुलिस ने 27-28 दिसंबर 2025 की रात ईरानी डेरे पर बड़ी छापेमारी की थी। इस दौरान गिरोह के कई मोस्ट वांटेड आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, लेकिन मौके पर मौजूद महिलाओं ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर राजू ईरानी वहां से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही थी।
Read More : Simhasth Kumbh : मध्य प्रदेश ने 2028 सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए मांगा 20 हजार करोड़ का पैकेज
20 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय
राजू ईरानी पिछले करीब 20 वर्षों से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। वह अलग-अलग गैंग बनाकर लूट, रंगदारी और ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक, वह मध्य प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत कम से कम सात राज्यों में वांटेड था।
पिता से मिली अपराध की विरासत
ईरानी डेरे का नेटवर्क राजू को विरासत में मिला है। उसके पिता हश्मत कभी इस गिरोह का सरगना हुआ करते थे, लेकिन उम्र और बीमारी के चलते अब सक्रिय नहीं हैं। इसके बाद गैंग की कमान राजू ईरानी ने संभाल ली। आरोपी पर तीन स्थायी वारंट जारी हैं और पहले भी वह पुलिस कार्रवाई के दौरान कई बार महिलाओं को आगे कर खुद फरार हो चुका है।
परिवार के कई सदस्य गिरोह में शामिल
पुलिस जांच में सामने आया है कि राजू के तीन भाई और तीन बहनें भी इस आपराधिक नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। अब भोपाल पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अन्य राज्यों के मामलों में भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।











