भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के चुनाभट्टी थाना क्षेत्र से एक कॉलेज छात्रा की रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पारिका सोसाइटी में बुधवार को एक 23 वर्षीय युवती की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने शुरुआती तौर पर इसे हादसा बताया है, लेकिन परिजनों के आरोपों और शरीर पर मिले चोटों के निशानों ने मामले को संदेह के घेरे में ला दिया है।
मृतका की पहचान और पारिवारिक जानकारी
मृत छात्रा की पहचान प्रिया मेहरा (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ भोपाल के ईश्वर नगर इलाके में रहती थी। प्रिया कॉलेज की छात्रा थी और बुधवार सुबह करीब 10 बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन दोपहर होते-होते परिवार को उसकी मौत की सूचना मिल गई।
अस्पताल में शव छोड़कर फरार हुआ युवक
परिजनों के मुताबिक, प्रिया को गंभीर हालत में एक युवक द्वारा जेपी अस्पताल लाया गया, जो शव को अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पूरे मामले की जानकारी चुनाभट्टी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
Read More : M.P Water Crisis : भोपाल में दूषित भूजल से बढ़ा खतरा, तीन इलाकों में ई-कोलाई की पुष्टि, पानी पर लगी रोक
शरीर पर चोटों के निशान, सवालों में हादसे की थ्योरी
परिजनों का आरोप है कि प्रिया के शरीर पर गंभीर चोटों और बेल्ट जैसे निशान पाए गए हैं, जो सिर्फ छत से गिरने की वजह से नहीं हो सकते। परिवार ने आशंका जताई है कि मारपीट के बाद उसकी हत्या की गई और घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।
आखिरी बार तुषार के साथ दिखी थी प्रिया
जानकारी के अनुसार, प्रिया को आखिरी बार तुषार नाम के युवक के साथ देखा गया था। बताया जा रहा है कि तुषार प्रिया का पुराना पड़ोसी रह चुका है और पिछले एक साल से उसे परेशान कर रहा था, जिसकी शिकायत परिवार पहले भी कर चुका था।
पुलिस जांच जारी, आरोपी की तलाश तेज
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।













