Cyber Crime Arrest : व्हाट्सएप पर अश्लील कंटेंट पोस्ट करने वाला जनक लाल पहुंचा जेल, तकनीकी साक्ष्य से पुलिस ने दबोचा

0
163

Cyber Crime Arrest : राजनांदगांव/छुरिया। सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाने और अश्लील सामग्री वायरल करने वाले अपराधियों के विरुद्ध राजनांदगांव पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस चौकी चिचोला (थाना छुरिया) ने एक प्रार्थिया की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी न्यूड फोटो और वीडियो इंटरनेट व व्हाट्सएप पर वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया ने चौकी चिचोला में लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसकी न्यूड फोटो और वीडियो व्हाट्सएप व इंटरनेट के माध्यम से भेजकर वायरल कर रहा है। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

तकनीकी साक्ष्य से खुला राज पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा व एसडीओपी आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में चिचोला चौकी प्रभारी योगेश पटेल व उनकी टीम ने मामले की बारीकी से जांच की। पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों के तकनीकी साक्ष्य (Technical Evidence) जुटाए, जिससे आरोपी की पहचान जनक लाल साहू (26 वर्ष), निवासी ग्राम कोलिहापुरी के रूप में हुई।

आरोपी जेल दाखिल पुलिस ने आरोपी जनक लाल साहू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग पोको मोबाइल और दो नग सिम कार्ड विधिवत जब्त किए गए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय डोंगरगढ़ के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि यदि कोई उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करता है या उनकी फोटो/वीडियो का दुरुपयोग करता है, तो डरे नहीं और तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here