निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : केंद्र सरकार ने भारत में हवाई सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए तीन नई एयरलाइंस को ऑपरेशन की अनुमति दे दी है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि इच्छुक एयरलाइंस के साथ कई दौर की बैठकों के बाद शंख एयर, अल हिंद एयर और फ्लाईएक्सप्रेस को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया गया है।
इंडिगो संकट के बाद तेज़ हुआ फैसला
यह निर्णय ऐसे समय पर आया है, जब दिसंबर के पहले सप्ताह में इंडिगो की 4,000 से अधिक उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। सरकार अब हवाई क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ाकर ऐसी स्थितियों से बचना चाहती है।
Read More : Big News : थाईलैंड ने तोड़ी 30 फीट ऊंची भगवान विष्णु की मूर्ति, कंबोडिया में उबाल, भारत ने जताई चिंता
फ्लाईएक्सप्रेस: कार्गो और लॉजिस्टिक्स में मजबूत पकड़
फ्लाईएक्सप्रेस हैदराबाद स्थित एक नई एयरलाइन है, जो मुख्य रूप से कूरियर और कार्गो सेवाओं पर केंद्रित है। यह अमेरिका, ब्रिटेन, दुबई, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में दवाइयों, दस्तावेज़ों और औद्योगिक उत्पादों की डिलीवरी करती है। कंपनी के प्रमुख के रूप में कोंकटी सुरेश का नाम सामने आया है। NOC मिलने के बाद अब कंपनी DGCA से AOC प्राप्त करेगी।
अल हिंद एयर: केरल से उड़ान की तैयारी
केरल बेस्ड अल हिंद एयर के मालिक मोहम्मद हारिस टी हैं। यह एयरलाइन शुरुआत में ATR-72 विमानों के जरिए घरेलू उड़ानों पर फोकस करेगी। कोच्चि एयरपोर्ट से ऑपरेशन शुरू कर आगे UAE और सऊदी अरब जैसे अंतरराष्ट्रीय रूट्स तक विस्तार की योजना है।
शंख एयर: सस्ती एयरलाइन का सपना
शंख एयर के प्रमोटर श्रवण कुमार विश्वकर्मा एक मिडिल क्लास पृष्ठभूमि से आने वाले उद्यमी हैं, मिडिल क्लास के लिए सस्ती हवाई सेवाओं की कमी महसूस होने पर उन्होंने इसे अवसर में बदला और शंख एयर की शुरुआत का निर्णय लिया। शंख एयर उत्तर प्रदेश से शुरू होने वाली पहली एयरलाइन होगी, जिसमें श्रवण कुमार ने डायनामिक प्राइसिंग न अपनाने और हर वर्ग के यात्रियों के लिए समान व किफायती किराया रखने का दावा किया है।
एविएशन सेक्टर को मिलेगा बूस्ट
विशेषज्ञों का मानना है कि नई एयरलाइंस के आने से हवाई किराए में प्रतिस्पर्धा, बेहतर कनेक्टिविटी और यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे।











