किशोर नाथ राजगुरु/शाजापुर । शाजापुर जिले के सलसलाई स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और शहीद मनोज सोनी शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर स्कूलों में बच्चों द्वारा बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी सृजनात्मकता और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया।
बाल मेले में छात्र-छात्राओं ने लगभग 20 से अधिक स्टॉल लगाकर विभिन्न व्यंजन और सामान प्रस्तुत किए। गोलगप्पे, पोहा, नमकीन और टॉफी जैसे स्टॉल पर शिक्षक-शिक्षिकाओं, नगर के गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों ने खरीदारी कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान बच्चों ने न केवल व्यापारिक कौशल दिखाया, बल्कि अपने व्यंजनों की प्रस्तुति के माध्यम से आत्मविश्वास भी बढ़ाया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य दिलीप सिंह पवार, शहीद मनोज सोनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कमल सिंह भिलाला सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में नेतृत्व, रचनात्मकता और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देते हैं।
बाल मेले में शामिल बच्चों और शिक्षकों ने पूरे कार्यक्रम का आनंद लिया और इसे यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान बच्चों के उत्साह और खेल-खेल में सीखने की प्रवृत्ति ने सभी को प्रभावित किया।











