Saturday, August 15, 2026
Home Chhattisgarh Bihar elections : बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की ‘ऐतिहासिक जीत’: केंद्रीय...

Bihar elections : बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की ‘ऐतिहासिक जीत’: केंद्रीय नेताओं ने बताया ‘विकास पर जनादेश’

0
106

Bihar elections : नई दिल्ली/रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को प्रचंड बहुमत प्राप्त हुआ है। इस शानदार जीत पर केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, सुशासन और विकास की राजनीति में जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण बताया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने NDA की जीत को ‘चुनावी इतिहास में एक सुनहरा अध्याय’ बताते हुए इसे विकास की राजनीति की ऐतिहासिक जीत करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “इस बार के चुनावों में एनडीए को मिलने वाला तीन चौथाई बहुमत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी नेतृत्व, उनकी विश्वसनीयता तथा सुशासन और विकास की राजनीति में जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण है।” उन्होंने बिहार की जनता का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह जनादेश उन्हें और अधिक निष्ठा और सेवा-भाव से काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभवी नेतृत्व और उनकी प्रशासनिक दक्षता को भी जीत का श्रेय दिया।

Bihar elections : केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनडीए को मिला ऐतिहासिक जनसमर्थन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों पर जनता के विश्वास की मुहर है। नड्डा ने स्पष्ट कहा कि, “यह प्रचंड बहुमत इसका प्रमाण है कि बिहार के हमारे भाई-बहनों ने महागठबंधन के जंगलराज और भ्रष्टाचार को पूर्णत: नकारकर एनडीए के सुशासन, स्थिरता और विकास के आयामों को स्वीकारा है।” उन्होंने इस अभूतपूर्व जनादेश को ‘विकसित बिहार, विकसित भारत’ के संकल्प को साकार स्वरूप प्रदान करने वाला बताया।

Bihar elections : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस जीत को “बिहार में चहुंमुखी विकास पर जनता की मुहर” बताया। उन्होंने एक्स पर बधाई देते हुए कहा कि, “बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास को चुना है। चहुंमुखी विकास के मूलमंत्र के साथ एनडीए की सरकार द्वारा किए गए कामों पर फिर एक बार मुहर लगाई है।” उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार में बिहार के विकास की रफ्तार और तेज होगी।

इस चुनाव में, छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रभारी और पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नितिन नबीन ने भी एक बार फिर शानदार जीत दर्ज की है।

सभी नेताओं ने इस बड़ी जीत के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल सहित पार्टी के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here