रायपुर। राजधानी की मुख्य सड़क जीई रोड (तेलीबांधा से टाटीबंध तक) अब पूरी तरह नो-फ्लेक्स जोन घोषित की जाएगी। नगर निगम की शनिवार को हुई नगर निवेश विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर मीनल चौबे ने यह बड़ा फैसला लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क के डिवाइडर्स या सार्वजनिक स्थलों पर कोई भी फ्लेक्स, पोस्टर या बैनर लगाने पर निगम सख्त कार्रवाई करेगा।
READ MORE : Aaj Ka Rashifal : सभी 12 राशियों के लिए शुभ संयोग, किसे मिलेगा भाग्य का साथ?… पढ़े दैनिक राशिफल
बैठक में विभागीय अध्यक्ष मनोज वर्मा और अपर आयुक्त पंकज शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि नक्शा पास करने में अगर देरी या अनावश्यक घुमाव-फिराव की शिकायत मिली, तो आवेदक के सामने ही जिम्मेदार अधिकारी से जवाब मांगा जाएगा।
उन्होंने हर जोन में अगले दस दिनों के भीतर ‘वेडिंग जोन’ चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां ठेला-पसरा व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान दिया जाएगा। साथ ही सभी रिहायशी भवन आवेदनों के नक्शे एक महीने के भीतर पास करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले नगर निवेश अभियंताओं पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
महापौर ने नागरिकों की सुविधा के लिए पंजीकृत आर्किटेक्ट की सूची सार्वजनिक करने को कहा, ताकि मकान निर्माण से जुड़ी दस्तावेजी प्रक्रिया में लोगों को परेशानी न हो। इसके अलावा, सभी जोनों में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग पर निरंतर अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता राजेश पी. नायडू, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, एनयूएलएम मिशन मैनेजर सुषमा मिश्रा और कोमल भटनागर उपस्थित रहे।









