Singrauli News: सिंगरौली मध्य प्रदेश : सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र से शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां जंगल में चरने गईं आधा दर्जन मवेशियों की अचानक मौत हो गई। मृत मवेशियों में 5 गाय और 1 बछड़ा शामिल हैं। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल व्याप्त है.
Singrauli News: मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कई पशुपालक रोजाना की तरह शनिवार को भी अपने मवेशियों को चरने के लिए नजदीकी जंगल में छोड़ने गए थे। दोपहर में ग्रामीणों को सूचना मिली कि जंगल में कई मवेशी अचेत अवस्था में पड़े हुए हैं। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक 6 मवेशियों की मौत हो चुकी थी। यह खबर फैलते ही आसपास के गांवों में नाराजगी और भय का माहौल बन गया।
Singrauli News: घटना की सूचना पर सरई थाना पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनामिका विश्वकर्मा ने मौके पर मवेशियों की जांच की और बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला ज़हर खाने का प्रतीत होता है। मृत मवेशियों के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में गहरा गुस्सा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।











