चौरई (नरसिंहपुर)। गेल इंडिया कंपनी द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद खेत में छोड़े गए गड्ढों ने किसान की जिंदगी पर संकट खड़ा कर दिया है। ग्राम पंचायत चौरई के किसान विंदरलाल के खेत में करीब एक वर्ष पूर्व कंपनी ने 15 मीटर चौड़ी रोड और 10 फीट गहरे गड्ढे खोदकर पाइपलाइन डाली थी। तब से अब तक खेत समतल न होने के कारण किसान न तो जुताई कर पा रहा है और न ही फसल ले पा रहा है।
किसान का कहना है कि कंपनी से बार-बार मुआवजा राशि मांगी गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। एक साल से फसल न बो पाने के कारण परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई किसानों को उनकी खड़ी फसल नष्ट होने पर मुआवजा दिया गया था, लेकिन विंदर लाल का मामला अब तक अटका हुआ है।
Read More : Bhopal : राहुल गांधी के पोस्टर पर भाजपा का तंज, कहा-जिन्हें देश और प्रदेश से प्रेम नहीं…
ग्राम पंचायत सरपंच ने भी माना कि इस तरह के कई मामलों में मुआवजा राशि दी जा चुकी है। वहीं किसान का कहना है कि उसने जनसुनवाई में भी आवेदन दिया था, लेकिन अब तक उसका निराकरण नहीं हो सका।
इस बीच, गेल इंडिया कंपनी के इंजीनियर जनार्दन पुनीथा ने सफाई देते हुए कहा कि पट्टे वाली जमीन का मुआवजा कंपनी नहीं देती। खेत की समतलीकरण की जिम्मेदारी ठेकेदार की है और जल्द ही इस पर कार्यवाही की जाएगी।
लगातार प्रयासों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से किसान विंदर लाल मायूस हैं। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द मुआवजा राशि और खेत की मरम्मत करवाई जाए ताकि उनकी खेती फिर से पटरी पर लौट सके।











