रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाला : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में आज सोमवार को बड़ी कार्रवाई संभव है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) रायपुर जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ अपनी विशेष अदालत में चालान पेश कर सकती है। चैतन्य इस समय ईडी की न्यायिक रिमांड पर हैं और शराब घोटाले के सिलसिले में 18 जुलाई 2025 को भिलाई से गिरफ्तार किए गए थे।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला : इस बीच, उनकी गिरफ्तारी को लेकर कानूनी जंग भी जारी है। हाईकोर्ट में चैतन्य की ओर से दाखिल याचिका पर आज सुनवाई होगी। इस याचिका में दावा किया गया है कि उनकी गिरफ्तारी गैरकानूनी है और ईडी ने जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया। सुप्रीम कोर्ट पहले ही उनकी अपील खारिज कर हाईकोर्ट जाने का निर्देश दे चुका है। अब जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की सिंगल बेंच में इस मामले पर बहस होनी है, जिसमें ईडी अपना जवाब पेश करेगी।
इस तरह सोमवार का दिन चैतन्य बघेल के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि एक ओर ईडी चालान दाखिल कर सकती है और दूसरी ओर हाईकोर्ट से उन्हें राहत मिलने या न मिलने पर उनके भविष्य की कानूनी लड़ाई की दिशा तय होगी।









