CG News : बिलासपुर। बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर बेलगहना यार्ड में बड़ा रेल हादसा टल गया। यार्ड की कॉमन लूप लाइन नंबर 4 पर करीब 9:30 बजे एक डीजल इंजन के दो पहिए अचानक पटरी से उतर गए। इंजन के डिरेल होते ही इस व्यस्त रूट पर रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और कई प्रमुख ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा।
CG News : इस घटना का सबसे ज्यादा असर दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस, दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस और दुर्ग-कानपुर एक्सप्रेस पर पड़ा, जिन्हें भाठापारा, निपनिया, तिल्दा और उसलापुर स्टेशनों पर रोका गया। वहीं, कटनी और शहडोल से आ रही गाड़ियां भी अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी रहीं। यात्रियों को हुई परेशानी को देखते हुए रेलवे ने अस्थायी हेल्प बूथ स्थापित कर जानकारी और पानी-खाने की सुविधा उपलब्ध कराई।
घटना की जानकारी मिलते ही बिलासपुर जोन मुख्यालय से इंजीनियरिंग विभाग और राहत दल मौके पर पहुंचा। देर रात करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद डीजल इंजन को दोबारा पटरी पर लाया गया और ट्रैक को सुरक्षित घोषित किया गया। इसके बाद रात करीब साढ़े 12 बजे के बाद रेल यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो पाया।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि हादसे की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और न ही किसी यात्री को चोट पहुंची।











