Bilaspur Accident: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब घर लौट रहे दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। दोनों भाई रायपुर से पल्सर बाइक पर सवार होकर अपने गांव गतौरी जा रहे थे। इसी दौरान कोनी थाना क्षेत्र के लोखंडी-तुर्काडीह के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़े भाई ने इलाज के दौरान सिम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, गतौरी निवासी देव कुमार बघेल के बेटे रितेश बघेल (22) और साहीन बघेल (19) करीब एक महीने पहले ही काम की तलाश में रायपुर गए थे। दोनों वहां अपने जीजा के साथ कूलर और अलमारी बनाने का काम कर रहे थे। शनिवार को दीपावली मनाने के लिए दोनों भाई बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
दोपहर करीब 2 बजे जब वे लोखंडी-तुर्काडीह के पास मोड़ पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि साहीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल रितेश को 108 एंबुलेंस की मदद से पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। परिजनों के मुताबिक, दोनों भाइयों के माता-पिता की पहले ही बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। परिवार में अब बुजुर्ग दादा-दादी, एक छोटा भाई और बहन हैं। घर की पूरी जिम्मेदारी बड़े भाई रितेश के कंधों पर थी। दिवाली पर घर लौट रहे दोनों भाइयों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
Bilaspur Accident: बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त दोनों भाइयों ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। बिलासपुर जिले में सड़क हादसों के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच जिले में कुल 1170 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 333 लोगों की मौत हुई। इनमें करीब 233 मौतें बिना हेलमेट वाहन चलाने से जुड़ी बताई गई हैं।
