Tech Tips: टीवी के कितने पास रखना चाहिए Wi-Fi राउटर? सही दूरी नहीं रखी तो धीमा पड़ सकता है इंटरनेट

News Desk

घर में इंटरनेट की स्पीड कम हो या वीडियो बार-बार बफर होने लगे, तो लोग अक्सर अपने Wi-Fi प्लान या सर्विस प्रोवाइडर को जिम्मेदार मानते हैं। लेकिन कई बार राउटर की गलत जगह भी इसकी वजह हो सकती है। कुछ लोग तार छिपाने के लिए राउटर को टीवी के पीछे या उसके ठीक बगल में रख देते हैं। ऐसा करने से वायरलेस सिग्नल पर असर पड़ सकता है। खासकर तब, जब आसपास दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी मौजूद हों।

टीवी और राउटर के बीच कितनी दूरी रखें?

राउटर को टीवी से कम से कम 1 से 2 मीटर दूर रखना बेहतर माना जाता है। अगर घर में जगह है, तो करीब 3 मीटर की दूरी रख सकते हैं। राउटर को टीवी के ठीक पीछे, नीचे या उसके ऊपर रखने से बचें। टीवी के अंदर मौजूद इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स और आसपास की धातु की चीजें Wi-Fi सिग्नल के रास्ते में रुकावट डाल सकती हैं। इससे इंटरनेट की स्पीड और कनेक्शन की स्थिरता प्रभावित हो सकती है।

राउटर को टीवी के पीछे रखने से क्यों बचें?

Wi-Fi राउटर रेडियो सिग्नल के जरिए इंटरनेट कनेक्शन देता है। टीवी और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के आसपास सिग्नल में रुकावट या इंटरफेरेंस हो सकता है। इसका असर खासतौर पर 2.4GHz बैंड पर दिख सकता है, क्योंकि इस फ्रीक्वेंसी का इस्तेमाल कई घरेलू डिवाइस भी करते हैं। नतीजतन वीडियो स्ट्रीमिंग के दौरान बफरिंग, वीडियो कॉल में रुकावट और ऑनलाइन गेमिंग में लैग जैसी परेशानियां आ सकती हैं।

Wi-Fi राउटर रखने की सही जगह कौन सी है?

राउटर को घर के बीचों-बीच किसी खुली और थोड़ी ऊंची जगह पर रखें। इसे टेबल या खुली शेल्फ पर रखना बेहतर है, ताकि सिग्नल अलग-अलग कमरों तक पहुंच सके। राउटर को बंद कैबिनेट, अलमारी या मेटल स्टैंड के अंदर रखने से बचें। दीवारें और धातु की चीजें वायरलेस सिग्नल को कमजोर कर सकती हैं।

इंटरनेट की स्पीड बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

राउटर को माइक्रोवेव, कॉर्डलेस फोन और दूसरे वायरलेस डिवाइस से थोड़ी दूरी पर रखें। अगर आपका राउटर और मोबाइल या स्मार्ट टीवी 5GHz बैंड सपोर्ट करते हैं, तो कम दूरी वाले तेज कनेक्शन के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। राउटर के एंटीना की दिशा भी सही रखें और समय-समय पर उसे रीस्टार्ट करें। इसके फर्मवेयर को अपडेट रखना भी जरूरी है।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *