CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो को लेकर सियासी विवाद बढ़ गया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले में एफआईआर की मांग की।
वीडियो को लेकर भाजपा ने जताई आपत्ति
भाजपा नेताओं का आरोप है कि अमित जोगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर एक आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा किया है। विधायक राजेश मूणत ने वीडियो की सामग्री और उसमें दिखाए गए दृश्यों पर आपत्ति जताते हुए इसे निंदनीय बताया।
मूणत ने कहा कि राजनीति में विचारों और सिद्धांतों के आधार पर विरोध होना चाहिए। अपनी बात रखने के लिए लोकतांत्रिक तरीके मौजूद हैं, लेकिन किसी की छवि खराब करने के उद्देश्य से निजी जीवन से जुड़े दृश्य दिखाना उचित नहीं है।
वीडियो बनाने और साझा करने वालों पर कार्रवाई की मांग
राजेश मूणत के साथ पहुंचे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर वीडियो की पटकथा तैयार करने, उसे बनाने और सोशल मीडिया पर साझा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जानी चाहिए।
पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम
विधायक राजेश मूणत ने पुलिस को 24 घंटे का समय देते हुए कहा कि शिकायत पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा कार्यकर्ता दोबारा थाने पहुंचेंगे।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। वहीं, वीडियो को लेकर भाजपा और अमित जोगी के बीच राजनीतिक विवाद तेज होता दिखाई दे रहा है।