CG News: सुकमा के 102 स्थानों पर गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे, 20 हजार लोगों ने देखा राष्ट्रीय एकता परेड का लाइव प्रसारण

Anuj Nirala

CG News: सुकमा। कभी नक्सल गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस पर देशभक्ति और सामूहिक सहभागिता की तस्वीर देखने को मिली। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड-2026 का जिले के 102 स्थानों पर सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान करीब 18 से 20 हजार जवानों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने एक साथ बैठकर परेड देखी और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि पुवर्ती, गोगुंडा, गोलापल्ली और किस्टाराम जैसे अंदरूनी और पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में भी ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ परेड का लाइव प्रसारण देखा।

शारदा सिनेमा में अधिकारी और जनप्रतिनिधि हुए शामिल

जिला मुख्यालय स्थित शारदा सिनेमा में लाइव प्रसारण के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। यहां कलेक्टर अमित कुमार, CRPF के डीआईजी आनंद राज पुरोहित और पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर सहित प्रशासन और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।इसके अलावा जनप्रतिनिधि दीपिका शोरी, धनीराम बरसे, पत्रकारों और शहर के नागरिकों ने भी सामूहिक रूप से परेड का प्रसारण देखा। कार्यक्रम में लोगों ने देश की विविधता, एकता और अखंडता का संदेश देने वाली परेड को उत्साह के साथ देखा।

Read More: CG News: विदेश से MBBS करने वाले डॉक्टरों की उम्मीदों को झटका, हाई कोर्ट ने खारिज की तीन याचिकाएं

नक्सल प्रभावित गांवों में जवानों के साथ बैठे ग्रामीण

राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन का सबसे खास नजारा सुकमा के दूरस्थ इलाकों में देखने को मिला। पुवर्ती, गोगुंडा, गोलापल्ली और किस्टाराम जैसे क्षेत्रों में ग्रामीणों ने सुरक्षा कैंपों में जवानों के साथ बैठकर परेड देखी।लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहे इन इलाकों में ग्रामीणों और जवानों की साझा भागीदारी ने आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। प्रसारण के दौरान कई स्थानों पर देशभक्ति के नारे भी लगाए गए।

102 केंद्रों पर की गई थी व्यवस्था

सुकमा पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर जिलेभर में कार्यक्रम के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। शाम 5:30 बजे से शुरू हुए लाइव प्रसारण के लिए थानों, सुरक्षा कैंपों, पोटाकेबिन और छात्रावासों सहित कुल 102 केंद्र निर्धारित किए गए थे।इन स्थानों पर बड़ी स्क्रीन, टीवी और प्रोजेक्टर लगाए गए। दर्शकों के बैठने, छाया और पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी। स्कूली बच्चों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को भी कार्यक्रम से जोड़ा गया।

Read More: CG News: दिवाली से पहले छत्तीसगढ़ को केंद्र से मिले 3,602 करोड़ रुपये, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार; OP चौधरी ने जताया आभार

एकता और सौहार्द का दिया संदेश

राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के दूरस्थ इलाकों तक देश की एकता और अखंडता का संदेश पहुंचाना था। जिला मुख्यालय से लेकर अंदरूनी सुरक्षा कैंपों तक जवानों, ग्रामीणों और बच्चों की भागीदारी देखने को मिली।सुकमा पुलिस ने आयोजन में सहयोग देने वाले नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सुरक्षा बलों के प्रति आभार जताया।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *