Pradhan Mantri Awaas: छत्तीसगढ़ में मकान बनाने वालों की बल्ले-बल्ले! 15 घनमीटर रेत मुफ्त, जानें किन हितग्राहियों को मिलेगा लाभ

Sanjay Sahu
Pradhan Mantri Awaas

Pradhan Mantri Awaas: राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का मकान बनाने वाले हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर है। अब पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए सरकार की ओर से 15 घनमीटर रेत मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी। इससे गरीब परिवारों को मकान बनाने में होने वाले खर्च में बड़ी राहत मिलेगी। राजनांदगांव जिला प्रशासन ने इसके लिए विशेष व्यवस्था शुरू की है।

पांच ट्रिप में मिलेगी 15 घनमीटर रेत

शासन की ‘ई-रेत संगवारी’ व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को कुल पांच ट्रिप रेत निशुल्क दी जाएगी। प्रत्येक ट्रिप में 3 घनमीटर रेत उपलब्ध कराई जाएगी। इस तरह एक हितग्राही को अधिकतम 15 घनमीटर मुफ्त रेत मिलेगी। हालांकि, रेत की उपलब्धता आवास निर्माण की वास्तविक स्थिति और आवश्यकता के आधार पर तय की जाएगी।

ऐप और पोर्टल से होगी पूरी प्रक्रिया

निशुल्क रेत वितरण के लिए शासन ने ‘ई-रेत संगवारी’ ऐप और पोर्टल की व्यवस्था की है। इसके माध्यम से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाएगा। जिला स्तर पर नोडल अधिकारी और जनपद पंचायत स्तर पर सहायक नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक और ग्राम रोजगार सहायकों को ऐप और पोर्टल के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया है। ये कर्मचारी पात्र हितग्राहियों को रेत उत्खनन की अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।

अवैध रेत उत्खनन पर भी लगेगी लगाम

सरकार की इस डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य केवल हितग्राहियों को मुफ्त रेत उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि रेत के अवैध उत्खनन और अनधिकृत उपयोग पर भी नियंत्रण करना है। इससे आवास निर्माण के लिए जरूरतमंद परिवारों को समय पर रेत मिल सकेगी और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।

जिले में 41 हजार से ज्यादा आवास बनाने का लक्ष्य

Pradhan Mantri Awaas: राजनांदगांव जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2024 से 2026 तक कुल 41,256 आवास बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 40,476 आवासों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। अब तक 35,060 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। इस तरह स्वीकृत आवासों में 86.6 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 5,416 मकानों का निर्माण जारी है।

सरकार ने दोहराया पक्का मकान देने का संकल्प

Pradhan Mantri Awaas: जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के हर आवासहीन परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार पात्र और जरूरतमंद परिवारों का पक्के मकान का सपना पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *