CG News: रायपुर। राजधानी रायपुर के आश्रम तिराहे स्थित जिओन बार में छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की बात को लेकर विवाद हो गया। घटना 25 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। मामले में बार कर्मचारी और ग्राहकों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों ने गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मारपीट के आरोप लगाए हैं।
CG News: ग्राहक की शिकायत में बैट-बल्ले से मारपीट का आरोप
FIR नंबर 0274 के मुताबिक, योगेश चिचोलकर (32) अपने दो साथियों तरुण दास और घनश्याम के साथ बार में शराब पीने गए थे। शिकायत के अनुसार, छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की बात पर विवाद शुरू हुआ। योगेश ने आरोप लगाया कि बार कर्मचारी दीपक मिश्रा, बबलू सिंह और उनके साथियों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों और बैट-बल्ले से मारपीट की गई।
योगेश ने चेहरे, गर्दन, पीठ और दाएं पैर में चोट लगने की बात कही है। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोनों साथियों को भी चोट आने का आरोप लगाया गया है।
CG News: बार कर्मचारी ने भी दर्ज कराई शिकायत
दूसरी ओर, FIR नंबर 0275 के अनुसार, बार में वेटर का काम करने वाले दीपक मिश्रा (करीब 20 वर्ष) ने भी ग्राहकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दीपक का आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे बार में आए योगेश, तरुण दास और घनश्याम छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की जिद कर रहे थे। मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर ग्राहकों ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे दीपक के चेहरे पर चोट आई। उसने बताया कि मैनेजर उदय सिंह, वेटर बबलू सिंह और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया।
CG News: दोनों पक्षों पर FIR, पुलिस जांच में जुटी
CG News: घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत मामले दर्ज किए हैं। FIR के अनुसार, दोनों मामले 26 अक्टूबर की रात दर्ज किए गए। एक मामला रात 2:41 बजे और दूसरा 3:13 बजे दर्ज हुआ। फिलहाल आजाद चौक थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। दोनों ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।