Recipe: रोजाना रोटी खाकर हो गए हैं बोर? नाश्ते और टिफिन के लिए बनाएं पनीर पालक लिफाफा पराठा

News Desk

Recipe: हर दिन एक जैसा खाना खाते-खाते बड़ों से लेकर बच्चों तक का मन ऊब सकता है। ऐसे में नाश्ते या टिफिन के लिए पालक का लिफाफा पराठा एक अच्छा विकल्प है। इसमें पालक की पौष्टिकता के साथ पनीर और मसालों का स्वाद मिलता है। इसे सुबह के नाश्ते, बच्चों के स्कूल टिफिन या शाम की भूख के लिए आसानी से तैयार किया जा सकता है।

पालक लिफाफा पराठा बनाने के लिए सामग्री

इस रेसिपी के लिए 2 कप गेहूं का आटा, 1 कप ताजा पालक, नमक स्वादानुसार, 1 छोटा चम्मच तेल और जरूरत के अनुसार पानी लें। भरावन तैयार करने के लिए 1 बारीक कटा प्याज, आधा कप कद्दूकस किया हुआ पनीर, 1 बारीक कटी हरी मिर्च, आधा छोटा चम्मच अजवाइन, आधा छोटा चम्मच चाट मसाला और एक चौथाई छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर रखें। पराठे सेंकने के लिए 2-3 बड़े चम्मच तेल या घी की जरूरत होगी।

ऐसे तैयार करें पालक वाला आटा

सबसे पहले पालक की पत्तियों को अच्छी तरह धो लें। एक बर्तन में पानी गर्म करके पालक को 1-2 मिनट तक उबालें और फिर ठंडे पानी में डाल दें। पानी निथारने के बाद पालक को पीसकर बारीक पेस्ट बना लें। अब एक बर्तन में गेहूं का आटा, पालक का पेस्ट, नमक और थोड़ा तेल डालकर मिलाएं। जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। इसे ढककर 10-15 मिनट के लिए रख दें।

पनीर की भरावन से मिलेगा शानदार स्वाद

एक अलग बर्तन में कद्दूकस किया हुआ पनीर, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अजवाइन, चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर भरावन तैयार कर लें। ध्यान रखें कि भरावन में ज्यादा नमी न हो, ताकि पराठे को मोड़ते समय वह बाहर न निकले।

इस तरह दें लिफाफे का आकार

आटे की लोइयां बनाकर गोल रोटी की तरह बेल लें। बीच में 1-2 बड़े चम्मच भरावन रखें। अब रोटी के चारों किनारों को एक-एक करके बीच की ओर मोड़ें और हल्के हाथ से दबाकर बंद कर दें। इससे पराठा चौकोर लिफाफे जैसा बन जाएगा। और पराठे को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें। इसे गरमागरम दही, हरी चटनी या अचार के साथ परोसें।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *