सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर कमाई करने वाले क्रिएटर्स के लिए X एक नया अवसर लेकर आया है। एलन मस्क के इस प्लेटफॉर्म पर Video Kickstart Bonus नाम के प्रोग्राम की टेस्टिंग की जा रही है। इसके तहत क्रिएटर्स को तय शर्तें पूरी करने पर 3,000 डॉलर यानी लगभग 2.85 लाख रुपये का फिक्स्ड बोनस मिल सकता है।
30 दिनों में पोस्ट करने होंगे 15 वीडियो
Video Kickstart Bonus के तहत चुनिंदा क्रिएटर्स को 30 दिनों के कैंपेन में कम से कम 15 ओरिजिनल वीडियो पोस्ट करने होंगे। इन वीडियो को 15 अलग-अलग दिनों में अपलोड करना जरूरी है। यानी एक ही दिन में 15 वीडियो डालकर इस शर्त को पूरा नहीं किया जा सकता।
वीडियो वर्टिकल फॉर्मेट में होने चाहिए और हर वीडियो की अवधि तीन मिनट से कम होनी चाहिए। दूसरे प्लेटफॉर्म पर पहले पोस्ट किए गए वीडियो भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं, लेकिन उन पर किसी दूसरे प्लेटफॉर्म का वॉटरमार्क नहीं होना चाहिए।
दूसरे के वीडियो पर कमेंट्री करने वाले भी योग्य?
इस प्रोग्राम में कमेंट्री वाले वीडियो भी शामिल हो सकते हैं, बशर्ते उनमें क्रिएटर की तरफ से पर्याप्त और मौलिक योगदान दिया गया हो। केवल किसी दूसरे व्यक्ति का वीडियो डाउनलोड करके दोबारा पोस्ट करना योग्य कंटेंट नहीं माना जाएगा।
कौन ले सकता है बोनस का फायदा?
फिलहाल X ने इस प्रोग्राम के लिए सार्वजनिक आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं की है। यानी यूजर्स अपनी तरफ से सीधे आवेदन करके बोनस पाने का दावा नहीं कर सकते। कंपनी की ओर से चुने गए क्रिएटर्स को ही इसमें शामिल होने का मौका मिलेगा।
इनविटेशन मिलने पर क्रिएटर्स X के Creator Studio में मौजूद Programmes सेक्शन के जरिए एनरोल कर सकते हैं। हालांकि, फॉलोअर्स या व्यूज की कोई तय संख्या होने से इनविटेशन मिलने की गारंटी नहीं है।
Original Content Rewards से कैसे अलग है?
X का Video Kickstart Bonus उसके Original Content Rewards प्रोग्राम से अलग है। Original Content Rewards में योग्य क्रिएटर्स की कमाई तय करने में वेरिफाइड यूजर्स और प्रीमियम सब्सक्राइबर्स से मिलने वाला एंगेजमेंट भूमिका निभाता है। इसके विपरीत, Video Kickstart Bonus में तय समय के भीतर निर्धारित संख्या में योग्य वीडियो पोस्ट करने पर फिक्स्ड बोनस देने की बात कही गई है।
फिलहाल Video Kickstart Bonus टेस्टिंग के चरण में है। यह स्पष्ट नहीं है कि X इसे आगे चलकर सभी क्रिएटर्स के लिए उपलब्ध कराएगा या नहीं। इसलिए 2.85 लाख रुपये के बोनस को हर यूजर के लिए पक्की कमाई नहीं, बल्कि इनविटेशन और शर्तों पर आधारित अवसर के रूप में समझना चाहिए।